Ballia: एआरपी चयन परीक्षा परिणाम: 68 शिक्षक सफल, 24 असफल, इंटरव्यू 7 मई को
"interview on 7"
बलिया: बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा अकादमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) पदों पर चयन के लिए आयोजित लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। परीक्षा में भाग लेने वाले 92 शिक्षकों में से 68 शिक्षक उत्तीर्ण हुए हैं, जबकि 24 शिक्षक असफल रहे। सफल अभ्यर्थियों की माइक्रो टीचिंग 6 मई 2025 को सुबह 9 बजे विकास भवन, बलिया में आयोजित की जाएगी। माइक्रो टीचिंग पास करने वाले उम्मीदवारों का इंटरव्यू 7 मई 2025 को सुबह 9 बजे से विकास भवन में ही होगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि वर्तमान में तैनात एआरपी शिक्षकों का कार्यकाल 31 मार्च 2025 को समाप्त हो गया है, जिसके बाद वे एक अप्रैल से अपने मूल विद्यालयों में कार्यरत हो चुके हैं। जिले में कुल 82 एआरपी पद रिक्त हैं, जिनमें नगर क्षेत्र समेत 17 ब्लॉकों में नियुक्तियां की जानी हैं।
एआरपी चयन के लिए कुल 120 शिक्षकों ने आवेदन किया था, जिनमें से 92 शिक्षक ही लिखित परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 28 अनुपस्थित रहे। विभाग द्वारा जारी परिणाम के अनुसार, सफल अभ्यर्थियों में हिंदी विषय से 7, सामाजिक विज्ञान से 22, अंग्रेज़ी से 6, गणित से 18 और विज्ञान विषय से 15 शिक्षक शामिल हैं।
बीएसए ने बताया कि मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर 2 मई 2025 को जनपद बलिया में लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। अब चयन प्रक्रिया के अगले चरण के तहत 6 मई को माइक्रो टीचिंग और 7 मई को साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। चयन प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ पूरी की जाएगी।