बलिया: हल्दी थाना क्षेत्र के बगीचा टोला में होली के दिन एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां करंट लगने से 13 वर्षीय प्रिंस यादव पुत्र सिपाही यादव की मौत हो गई। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में मातम पसर गया। परिजनों ने बालक का अंतिम संस्कार कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, बगीचा टोला में छोटे-छोटे बच्चे होली खेल रहे थे, जिनमें प्रिंस भी शामिल था। खेल-खेल में दौड़ते हुए वह एक गली में पहुंचा, जहां पहले से गिरे बिजली के तार की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का आरोप है कि सोनवानी विद्युत उपकेंद्र पर कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं रहता, जिससे क्षेत्र में अक्सर इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। घटना ने होली की खुशियों को मातम में बदल दिया और पूरा बगीचा टोला शोक में डूब गया।

Tags: