बदायूं: थाना मूसाझाग क्षेत्र के एक गांव में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां बड़ी बहन से विवाद के बाद एक किशोरी ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे पहले जिला अस्पताल और फिर राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

गांव में इस घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं। बताया जा रहा है कि किशोरी की बड़ी बहन की शादी तय हो चुकी थी और किशोरी का अपनी होने वाली बहनोई से मोबाइल पर बातचीत होती थी। यह बात उसकी बड़ी बहन को नागवार लगती थी और वह इसका विरोध करती थी। इसी को लेकर दोनों बहनों में अक्सर झगड़े होते रहते थे।

रविवार को भी दोनों के बीच खाना बनाने को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद नाराज किशोरी ने जहर खा लिया।

थाना प्रभारी मान बहादुर सिंह ने बताया कि किशोरी की मौत की सूचना मिली थी। पोस्टमार्टम कराया गया है। फिलहाल परिजनों की ओर से किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है और न ही कोई कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

Tags: