Ghaziabad में कानून व्यवस्था पर हमला, सिपाही की हत्या के बाद गांव में छाया सन्नाटा

"नाहल गांव में पुलिस पर हमला"

Update: 2025-05-29 12:06 GMT

गाजियाबाद: मसूरी थाना क्षेत्र के नाहल गांव में बीते दिनों हुई पुलिस टीम पर हमले और सिपाही की हत्या के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। गांव की गलियों में अब सिर्फ बुजुर्ग और नाबालिग बच्चे ही दिखाई दे रहे हैं, जबकि अधिकांश घरों पर ताले लटके हुए हैं। गांव में लगातार पुलिस बल की तैनाती बनी हुई है और माहौल तनावपूर्ण है।

दरअसल, 26 मई को नोएडा पुलिस की एक टीम एक वांछित अपराधी कादिर को पकड़ने के लिए नाहल गांव में दबिश देने पहुंची थी। मुखबिर की सूचना पर टीम जैसे ही एक मकान के पास पहुंची, अचानक गांव के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान भीड़ में से किसी ने गोली चला दी, जिससे एक सिपाही सिर में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल सिपाही को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस वारदात के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और भारी पुलिस बल गांव में तैनात कर दिया गया। पुलिस ने इस हमले के सिलसिले में करीब 200 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

इस कार्रवाई के बाद से गांव के अधिकांश पुरुष सदस्य गांव छोड़कर चले गए हैं। गांव में पसरा सन्नाटा और पुलिस की लगातार मौजूदगी उस दर्दनाक घटना की याद दिला रही है, जिसमें एक बहादुर सिपाही ने अपनी जान गंवा दी।

Tags:    

Similar News