Auraiya औरैया :  उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद की नगर पंचायत अटसू की कार्यप्रणाली एक बार फिर चर्चा में आ गई है। शनिवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद नगर पंचायत के कर्मचारियों की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे। वायरल वीडियो में कुछ कर्मचारी कार्यालय समय के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष कक्ष में कुर्सियां लगाकर आराम करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की।

मामले का संज्ञान लेते हुए नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) प्रदीप कुमार गौतम ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। इसके साथ ही सभी संबंधित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के आदेश भी जारी किए गए हैं।

जनता की शिकायतों पर भी उठे सवाल

नगर पंचायत अटसू क्षेत्र के लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायतें दर्ज करा रहे हैं। इसी बीच कर्मचारियों के कार्यालय में आराम करने का वीडियो सामने आने के बाद नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण में भी लापरवाही बरती जा रही है। लोगों का कहना है कि कई मामलों में शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान करने के बजाय केवल औपचारिकता पूरी कर दी जाती है, जिससे आम जनता की परेशानियां बनी रहती हैं।

नागरिकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों की ऐसी कार्यशैली से जनता का विश्वास प्रभावित होता है।

ईओ ने कहा, अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं होगी

नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी प्रदीप कुमार गौतम ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आते ही कार्रवाई शुरू कर दी गई। उन्होंने कहा कि संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है और एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की गई है।

उन्होंने बताया कि घटना के समय वह बाबरपुर स्थित कार्यालय में मौजूद थे। कर्मचारियों को कार्यालय समय में अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करना चाहिए। किसी भी प्रकार की लापरवाही और अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अध्यक्ष प्रतिनिधि ने भी जताई नाराजगी

वहीं, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि स्वदेश पोरवाल ने बताया कि उनकी सास की तबीयत खराब होने के कारण वह मुंबई गए हुए थे। उन्होंने कहा कि वीडियो की जानकारी मिलते ही उन्होंने संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कार्यालय में अनुशासन बनाए रखना प्राथमिकता है। कर्मचारियों को जनता की समस्याओं के समाधान के लिए जिम्मेदारी से काम करना होगा। भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए और सख्त कदम उठाए जाएंगे।

वायरल वीडियो के बाद नगर पंचायत प्रशासन की कार्रवाई से कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस कार्रवाई के बाद सरकारी कामकाज में सुधार आएगा और जनसमस्याओं के निस्तारण में तेजी आएगी।

Tags: