Ambedkar Nagar: एनसीसी कैडेट्स का देशभक्ति प्रदर्शन, डॉ. विवेक तिवारी के नेतृत्व में यात्रा
अंबेडकर नगर: जिला मुख्यालय स्थित बी.एन. के. बी. पी. जी. कॉलेज, अकबरपुर के राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) 6-65 बटालियन द्वारा आज भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जो राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और भारतीय सशस्त्र बलों के प्रति सम्मान को बढ़ावा देने के लिए समर्पित थी। इस यात्रा का उद्देश्य युवाओं में देशप्रेम की भावना को प्रज्वलित करना और स्वतंत्रता संग्राम के नायकों को श्रद्धांजलि देना था।
तिरंगा यात्रा महाविद्यालय से निकल रोडवेज-इल्फातगंज रोड से होते हुए पुनः महाविद्यालय में समाप्त हुई। इस यात्रा में एनसीसी कैडेट्स, महाविद्यालय की छात्र-छात्राएं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।यात्रा के दौरान, कैडेट्स ने अनुशासन और एकजुटता का शानदार प्रदर्शन किया, जो एनसीसी के मूल्यों को दर्शाता है। यह तिरंगा यात्रा ए. एन. ओ. ले. (डॉ.) विवेक कुमार तिवारी के नेतृत्व में निकाला गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. शुचिता पांडेय ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा केवल एक जुलूस नहीं है, बल्कि यह हमारी देश के प्रति राष्ट्रीयता की भावना,राष्ट्रीय एकता और सशस्त्र बलों के प्रति सम्मान का प्रतीक है। यह युवाओं को देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझाने और स्वतंत्रता के मूल्यों को जीवित रखने का एक प्रयास है। यह यात्रा न केवल हमारे सैनिकों के बलिदान को सम्मानित करती है, बल्कि यह हमें एकजुट होकर देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करती है।
मीडिया संयोजक डॉ शशांक मिश्र द्वारा अवगत कराया गया कि इस अवसर पर प्रो. सत्यप्रकाश त्रिपाठी, डॉ. विजय कुमार गुप्ता, डॉ. शशांक मिश्र समेत समस्त महाविद्यालय परिवार और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।