Moradabad मुरादाबाद : मुरादाबाद में समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक हाजी रिजवान और उनके परिवार पर करोड़ों रुपये की कथित जमीन धोखाधड़ी का मामला दर्ज होने से राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है। कुंदरकी थाने में दर्ज एफआईआर में हाजी रिजवान, उनके बेटे हाजी जुबैर, बहू शमा परवीन और सपा नेता आजम खां के करीबी माने जाने वाले यूसुफ मलिक को नामजद किया गया है।
आरोप है कि इन लोगों ने स्कूल की जमीन और करीब साढ़े तीन बीघा भूमि बेचने के नाम पर शिकायतकर्ता से करोड़ों रुपये लिए, लेकिन न तो बैनामा कराया गया और बाद में वही जमीन किसी अन्य महिला के नाम बेच दी गई।
यह शिकायत मैनाठेर थाना क्षेत्र के मलकपुर फतेहपुर निवासी अब्दुल मुस्तफा द्वारा दर्ज कराई गई है। शिकायत के आधार पर एसएसपी के निर्देश पर कुंदरकी पुलिस ने मामले में धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दस्तावेजों तथा लेनदेन से जुड़े तथ्यों को खंगाला जा रहा है। वहीं इस केस के सामने आने के बाद क्षेत्र में राजनीतिक चर्चा भी तेज हो गई है।