अमेठी में धर्मांतरण का आरोप, हिंदूवादी संगठनों का विरोध
कथित धर्मांतरण मामले में कमरौली पुलिस की कार्रवाई
अमेठी: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में एक मकान के अंदर आयोजित प्रार्थना सभा को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हिंदूवादी संगठनों ने सभा की आड़ में कथित धर्मांतरण कराने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। मामले में कमरौली थाना पुलिस ने आठ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना रविवार दोपहर जगदीशपुर औद्योगिक क्षेत्र के सिंदुरवा रोड की है। यहां सूर्यकला नामक महिला के मकान में प्रार्थना सभा आयोजित की गई थी। हिंदूवादी संगठनों के अनुसार, कार्यक्रम में 24 से अधिक महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल थे।
संगठनों ने आरोप लगाया कि धार्मिक सभा के माध्यम से लोगों को कथित तौर पर प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था। बच्चों की कॉपियों में धार्मिक संदेश लिखे होने का भी दावा किया गया है। संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, मुंबई से आए रॉयल रोड्रिक्स और मकान मालिक ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उनका कहना है कि मकान में केवल सामान्य प्रार्थना सभा आयोजित की गई थी और किसी का धर्म परिवर्तन नहीं कराया जा रहा था।
दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के बीच पुलिस मामले की वास्तविकता का पता लगाने में जुटी है। कमरौली थाना प्रभारी मुकेश पटेल ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आठ लोगों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस प्रार्थना सभा के आयोजन के उद्देश्य और कथित प्रलोभन से संबंधित आरोपों की जांच कर रही है। फिलहाल धर्मांतरण के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।