Agra: पुलिस ने चलाया ऑपरेशन, अपराधी को किया ढेर

Update: 2026-01-29 08:27 GMT

आगरा: थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में हुई हत्या के मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। 23 जनवरी 2026 की रात राज चौहान नामक युवक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त अरबाज खान उर्फ मंसूरी को ढेर कर दिया।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त, नगर सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि हत्या की घटना के तुरंत बाद कुल 9 टीमें गठित की गई थीं। गठित टीमों ने पहले ही अरबाज खान को खंदौली, आगरा से गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी के दौरान उसे उसके द्वारा प्रयोग किए गए तमंचे की बरामदगी के लिए ले जाया जा रहा था, तभी टेड़ी बगिया क्षेत्र में कांशीराम आवास के पास अभियुक्त ने उपनिरीक्षक की सरकारी पिस्टल छीन ली और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

इस दौरान आरक्षी मनोज कुमार और उ0नि0 ऋषि घायल हो गए। उ0नि0 हरेन्द्र कुमार (थाना प्रभारी ट्रांस यमुना) और निरीक्षक भानु प्रताप (थाना प्रभारी कोतवाली) के बुलट प्रूफ जैकेट पर भी एक-एक गोली लगी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अरबाज खान को दो गोलियां लगीं – छाती के बाएँ भाग और दाहिने पैर में। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बाद में एसएन मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल पुलिसकर्मियों का उपचार जिला अस्पताल आगरा में जारी है।

पुलिस ने बताया कि अरबाज खान का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है।पुलिस उपायुक्त ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और शहर को अपराधमुक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Tags:    

Similar News