निरंतर हो रही बारिश से परेशान किसानों के बीच पहुंचें प्रशासनिक अधिकारी: सीएम योगी

Update: 2026-04-04 17:27 GMT
Lucknow लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के कई जिलों में हुई असमय बारिश को लेकर अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने किसानों को होने वाले नुकसान को गंभीरता से लेते हुए तत्काल राहत सुनिश्चित करने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहानि, पशुहानि और घायल व्यक्तियों को हर हाल में 24 घंटे के भीतर मुआवजा दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएम योगी ने कहा कि बारिश के कारण प्रभावित फसलों का तुरंत आकलन किया जाए और राजस्व, कृषि विभाग तथा बीमा कंपनियां मिलकर संयुक्त सर्वे करें। इसके आधार पर शासन को रिपोर्ट भेजी जाए, ताकि किसानों को शीघ्र राहत मिल सके।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे लगातार फील्ड में रहकर स्थिति का जायजा लें और वास्तविक नुकसान का आकलन करें। मुख्यमंत्री ने यह भी दोहराया कि सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है और उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने प्रमुख सचिव (कृषि) और राहत आयुक्त को निर्देश दिया कि वे जमीनी स्तर पर कार्यरत अधिकारियों से सीधा संपर्क बनाए रखें और सभी सूचनाएं समय पर एकत्र करें।
इसके साथ ही किसानों से भी अपील की गई है कि वे अपनी क्षति की जानकारी प्रशासन को दें। जिन किसानों ने फसल बीमा कराया है और उनकी फसल कटने के बाद खलिहान में रखी थी, वह भी 14 दिनों तक बीमा कवर में शामिल रहेगी। ऐसे किसान 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर 14447 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
Tags:    

Similar News