मेरठ: मेरठ के फलावदा थाना क्षेत्र के महलका गांव में रोटी बनाते समय कथित तौर पर थूकने का वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस ने आरोपी मुस्तकीम को गिरफ्तार कर लिया है. दिन में इस मामले की खबर प्रसारित होने के बाद अब आरोपी की गिरफ्तारी और उसका माफी मांगते हुए एक और वीडियो सामने आया है. वीडियो में मुस्तकीम पुलिस के सामने हाथ जोड़कर कहता नजर आ रहा है, ''सॉरी सर, गलती हो गई... प्लीज माफ कर दीजिए.''
दरअसल, महलका गांव स्थित आमिर होटल पर तंदूरी रोटी बनाने वाले युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. वीडियो में युवक रोटी बनाते समय उस पर थूकता दिखाई दे रहा था. एक राहगीर ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था. वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया.
पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच की और वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान मुस्तकीम पुत्र असफाक निवासी ग्राम महलका के रूप में की. पुलिस के अनुसार, आरोपी आमिर होटल पर रोटी बनाने का काम करता था. इस मामले में थाना फलावदा पुलिस ने मुस्तकीम के खिलाफ मुकदमा संख्या 162/26 दर्ज किया है.
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 271, 272, 274 और 299 के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. गिरफ्तारी के बाद सामने आए वीडियो में मुस्तकीम अपनी गलती स्वीकार करते हुए पुलिस से माफी मांगता दिखाई दे रहा है.
Tags: