मैनपुरी परिवार की महिलाओं के साथ बहादुरगढ़ एरिया में ट्रेन के अंदर एक शख्स ने की छेड़छाड़

उत्तर प्रदेश से राजस्थान के गोगामेड़ी जा रहे मैनपुरी के एक परिवार की महिलाओं के साथ बहादुरगढ़ एरिया में ट्रेन के अंदर एक शख्स ने छेड़छाड़ की।

Update: 2022-09-03 16:58 GMT

उत्तर प्रदेश से राजस्थान के गोगामेड़ी जा रहे मैनपुरी के एक परिवार की महिलाओं के साथ बहादुरगढ़ एरिया में ट्रेन के अंदर एक शख्स ने छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उसने अपने साथियों को बुलाकर परिवार के मुखिया के साथ मारपीट की। बाद में परिवार की एक महिला का पैसों से भरा पर्स लेकर भाग निकला, हड़बड़ी में अपना पिटठु बैग ट्रेन में छोड़ गया। घटना को लेकर हिसार की जीआरपी थाना पुलिस ने जीरो एफआइआर दर्ज की थी।

उसके आधार पर बहादुरगढ़ जीआरपी ने शनिवार को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना 23 अगस्त को हुई थी। घटना का शिकार बने उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के रहने वाले इस परिवार के मुखिया ने पुलिस को बताया है कि वे परिवार समेत राजस्थान के गोगोमेड़ी में पूजा अर्चना करने के लिए जा रहे थे। वे कालिंदी एक्सप्रेस में 22 अगस्त की रात को सवार हुए थे। जब अगले दिन सुबह ट्रेन बहादुरगढ़ स्टेशन पर पहुंची तो एक अंजान शख्स उस बोगी में आया और उनकी महिलाओं के बीच बैठ गया। वह मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था।
फोन पर उसे धमका रहा था और महिलाओं के पास बैठकर गाली-गलौच कर रहा था। उसको ऐसा करने से मना किया तो वह तैश में आ गया और झगड़ा करने लगा। इसके बाद फोन करके उसने दूसरी बोगी से अपने दो-तीन साथियों को बुला लिया। शिकायतकर्ता का कहना है कि उस शख्स ने उनके परिवार की महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की और उसकी आंख पर चोट मारी।
जब वह बहादुरगढ़ स्टेशन पर उतरने लगा तो महिलाओं में से एक का पर्स भी छीन ले गया। पर्स में 10 हजार रुपये थे। वह शख्स भागने के चक्कर में अपना बैग बोगी में ही छोड़ गया। घायल शिकायतकर्ता का भिवानी के अस्पताल में इलाज अुआ। इधर, बहादुरगढ़ के जीआरपी थाना प्रभारी होशियार सिंह ने बताया कि इस मामले को लेकर 23 अगस्त को हिसार जीआरपी थाना में जीरो एफआइआर दर्ज हुई थी। उसके आधार पर अब लूट व अन्य धाराओं में बहादुरगढ़ में केस दर्ज कर लिया है। आरोपित का जो बैग ट्रेन में छूटा था उसके आधार पर जांच की जा रही है।



Similar News