Uttar Pradesh उत्तरप्रदेश : कुशीनगर के कप्तानगंज थाना इलाके के देवकली उर्फ चकिया गांव से मंगलवार दोपहर टॉफी दिलाने का लाचल देकर एक बदमाश ने तीन बच्चियों का अपहरण कर लिया।
घरवालों की सूचना पर पुलिस सक्रिय हुई। इस पर आरोपी बच्चियों को 17 किमी दूर हाटा कोतवाली क्षेत्र के रामपुर पवटवा बाजार के पास छोड़ कर भाग गया। शाम करीब सात बजे बाजार में बच्चियों को रोता देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने बच्चियों को सकुशल बरामद कर परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया। देर शाम तक कप्तानगंज थाने पर परिजनों की मौजूदगी में सीओ और महिला सिपाहियों ने बच्चियों से पूछताछ की, लेकिन वह कुछ बता नहीं पा रही थीं। उधर, अपहर्ता की पहचान के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। जानकारी के अनुसार, देवकली उर्फ चकिया गांव निवासी सुदामा चौहान की सात वर्षीय बेटी जया और पांच वर्षीय जागृति गांव के ही पिंटू गुप्ता की सात वर्षीय मुस्कान के साथ दोपहर करीब 12 बजे खेलते हुए गांव के पूरब नहर की ओर चली गई।
वहां उनके दादा और दादी खेत में काम कर रहे थे। इसी बीच वे लापता हो गए। करीब एक घंटे बाद जब परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की तो वे परेशान हो गए। काफी तलाश के बाद किसी अनहोनी की आशंका में पुलिस को सूचना दी गई। इसी बीच सोशल मीडिया पर भी बच्चियों के अपहरण की खबर चलने लगी। जानकारी पर एएसपी निवेश कटियार और सीओ कुंदन सिंह तक भी पहुंची, तो वे भी मौके पर पहुंच गए। वायरलेस पर सभी थानों को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने जगह-जगह वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी।
इसी बीच शाम करीब सात बजे हाटा कोतवाली क्षेत्र के रामपुर पवटवा बाजार के पास तीन बच्चियों को लोगों ने सड़क के किनारे रोते हुए देखा। सोशल मीडिया पर बच्चियों के अपहरण की खबर चल ही रही थी। इस संदेह में लोगों ने पुलिस को सूचना दी। हाटा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बच्चियों को अपने साथ ले गई। बाद में कप्तानगंज पुलिस के हवाले कर दिया।