आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पुलिस ने किशोरियों और युवतियों को प्रेमजाल में फंसाकर तथा नौकरी दिलाने का झांसा देकर मानव तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा किया है। अहरौला थाना पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की संयुक्त टीम ने पश्चिम बंगाल में छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 19 वर्षीय एक पीड़िता को भी बरामद किया है। जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य युवतियों को बेहतर नौकरी और शादी का भरोसा दिलाकर अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद उन्हें अलग-अलग राज्यों में ले जाकर कथित तौर पर देह व्यापार के लिए बेच दिया जाता था। इस मामले में अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पश्चिम बंगाल में छापेमारी कर तीन आरोपी गिरफ्तार
अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में मानव तस्करी से जुड़े मामलों की जांच की जा रही थी।इसी क्रम में अहरौला थाना पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की संयुक्त टीम ने 18 नवंबर 2026 को पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर जिले में छापेमारी की।पुलिस टीम ने गोवालपोखर थाना क्षेत्र के पारा पंजीपाड़ा में दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र निवासी 46 वर्षीय सुरेश राम, पूर्वी चंपारण जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र निवासी 36 वर्षीय महेश कुमार और पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर निवासी मोहम्मद अली के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, ये आरोपी मानव तस्करी के नेटवर्क से जुड़े हुए थे। इनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
प्रेमजाल में फंसाकर गोरखपुर बुलाया था युवती को
पुलिस जांच में सामने आया कि पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी शिवा मंडल ने पीड़िता को अपने जाल में फंसाने के लिए करीब दो महीने तक फोन पर बातचीत की थी।इस दौरान आरोपी ने युवती को शादी का भरोसा दिलाया और उससे मिलने के लिए गोरखपुर रेलवे स्टेशन बुलाया।पुलिस के अनुसार, युवती उसके भरोसे पर गोरखपुर पहुंच गई, लेकिन शिवा मंडल खुद रेलवे स्टेशन नहीं आया।वहां युवती की मुलाकात सितारा खातून, उसके पति अभिषेक राज और गफ्फार मियां से हुई।आरोप है कि तीनों ने युवती को नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और उसे अपने साथ बिहार के पूर्णिया ले गए।युवती को उस समय यह जानकारी नहीं थी कि उसे कथित तौर पर मानव तस्करी के नेटवर्क में फंसाया जा रहा है।
एक लाख रुपये में युवती को बेचने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, बिहार के पूर्णिया पहुंचने के बाद पीड़िता की मुलाकात महेश कुमार और सुरेश राम से कराई गई।दोनों आरोपी उसे काम दिलाने के बहाने सरिता नामक महिला एजेंट के पास ले गए।जांच में आरोप सामने आया कि सरिता ने युवती को पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर निवासी मोहम्मद अली को करीब एक लाख रुपये में बेच दिया।पुलिस के अनुसार, युवती को सरिता तक पहुंचाने वाले बिचौलियों को आठ-आठ हजार रुपये दिए गए थे।पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि उसके साथ यौन हिंसा की गई और बाद में उसे बंधक बनाकर जबरन देह व्यापार में धकेल दिया गया।
रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर बनाते थे निशाना
पुलिस पूछताछ में गिरोह के काम करने के तरीके को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं।जांच के अनुसार, नेटवर्क से जुड़े लोग रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और मंदिरों के आसपास ऐसी युवतियों की तलाश करते थे, जो किसी परेशानी में हों या घर से निकलकर रोजगार की तलाश में आई हों।आरोपी उन्हें नौकरी, शादी या बेहतर भविष्य का भरोसा देकर अपने साथ ले जाने का प्रयास करते थे।इसके बाद अलग-अलग एजेंटों के माध्यम से युवतियों को दूसरे शहरों और राज्यों में पहुंचाया जाता था।पुलिस का आरोप है कि नेटवर्क के सदस्य पीड़िताओं को बंधक बनाकर उनका शोषण करते थे। विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी दी जाती थी।इस तरह गिरोह के तार उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।
मार्च में दर्ज हुई थी युवती की गुमशुदगी
अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक के अनुसार, इस मामले की शुरुआत 18 मार्च 2026 को हुई थी।अहरौला थाना क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि उसकी करीब 18 वर्षीय बेटी बिना बताए घर से चली गई है।पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर युवती की तलाश शुरू की।जांच आगे बढ़ने पर युवती के मानव तस्करी नेटवर्क के संपर्क में आने की जानकारी सामने आई।इसके बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 5 के तहत भी कार्रवाई की गई।
अब तक सात आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने पहले शिवा मंडल, अभिषेक राज, सितारा खातून और गफ्फार मियां को गिरफ्तार किया था।इन चार आरोपियों के बाद पश्चिम बंगाल में की गई कार्रवाई में सुरेश राम, महेश कुमार और मोहम्मद अली को गिरफ्तार किया गया।इस प्रकार मामले में गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या सात हो गई है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में नेटवर्क के दूसरे सदस्यों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस टीम को 25-25 हजार रुपये का पुरस्कार
मानव तस्करी गिरोह का खुलासा करने और पश्चिम बंगाल से तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली संयुक्त टीम की पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने सराहना की है।पुलिस अधीक्षक ने अभियान में शामिल प्रत्येक पुलिसकर्मी को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।इस कार्रवाई में अहरौला थाना पुलिस, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और सर्विलांस टीम के सदस्यों ने भूमिका निभाई।पुलिस का कहना है कि मानव तस्करी के नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
Tags: