Agartala अगरतला: त्रिपुरा सरकार सीमावर्ती राज्य में रह रहे घुसपैठियों का पता लगाने और उन्हें वापस भेजने के लिए राज्य के सभी आठ जिलों में टास्क फोर्स का गठन करेगी। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पश्चिम त्रिपुरा जिले में 'टास्क फोर्स' का गठन पहले ही किया जा चुका है और शेष सात जिलों में इसका गठन किया जा रहा है। अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर आईएएनएस को बताया, "जिले का एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी टास्क फोर्स का प्रमुख होगा और संबंधित जिले के विभिन्न पुलिस थानों के प्रभारी अधिकारी इसके सदस्य होंगे।" त्रिपुरा सरकार ने यह कदम केंद्रीय गृह मंत्रालय के उस परिपत्र के बाद उठाया है जिसमें देश भर के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को बांग्लादेश और म्यांमार से अवैध रूप से आए संदिग्ध प्रवासियों की पहचान करने का निर्देश दिया गया था। गृह मंत्रालय के परिपत्र में कहा गया था कि अगर विदेशी नागरिकों के दस्तावेज फर्जी या अवैध रूप से हासिल किए गए पाए जाते हैं, तो उन्हें निर्वासित किया जाएगा।