Jabalpur.जबलपुर: प्रयागराज महाकुंभ से आंध्र प्रदेश लौट रहे सात लोगों की मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में मंगलवार सुबह एक मिनी बस और ट्रक के बीच टक्कर हो गई, जिसमें उनकी मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। जबलपुर कलेक्टर दीपक कुमार सक्सेना ने पीटीआई-भाषा को बताया कि यह घटना जिला मुख्यालय से 65 किलोमीटर दूर सिहोरा कस्बे के पास सुबह करीब साढ़े आठ बजे हुई। उन्होंने बताया कि ट्रक और मिनी बस के बीच हुई टक्कर में आंध्र प्रदेश के सात लोगों की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि ट्रक गलत दिशा से हाईवे पर जा रहा था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। उन्होंने बताया कि सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य मिनी बस के अंदर फंस गए। दुर्घटना के बाद कलेक्टर और जबलपुर के पुलिस अधीक्षक दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।