तेलंगाना में अजगर दिखने से हड़कंप, महबूबनगर और नारायणपेट के गांवों में दहशत
हैदराबाद। तेलंगाना के महबूबनगर और नारायणपेट जिलों के ग्रामीण इलाकों में लगातार अजगर दिखाई देने से लोगों में दहशत फैल गई है। पिछले तीन सप्ताह के दौरान खेतों और रिहायशी इलाकों के आसपास कई छोटे अजगर देखे गए हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि ये अजगर उनके मवेशियों, बकरियों और भेड़ों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
नारायणपेट जिले के कोसगी, नचारम, थिम्मईपल्ली और नरसिंगापल्ली सहित महबूबनगर के कलवाकुर्थी ग्रामीण क्षेत्रों में अजगर दिखाई देने की घटनाएं सामने आई हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ अजगर सड़कों पर मृत पाए गए, जबकि डर के कारण कुछ ग्रामीणों ने उन्हें मार दिया।
वन अधिकारियों को आशंका है कि अजगर अंडे देने के लिए महबूबनगर से नारायणपेट के गांवों की ओर आए हैं। सामाजिक कार्यकर्ता मल्लिकार्जुन रेड्डी के अनुसार, कुछ दिन पहले अजगर के बच्चे दिखाई दिए थे, लेकिन बड़ी मादा अजगर का अब तक पता नहीं चल पाया है।
अजगरों को सुरक्षित पकड़ने के लिए सात प्रशिक्षित स्नेक कैचर्स तैनात किए गए हैं। महबूबनगर के वीरभद्र इलाके में नाले से एक अजगर का रेस्क्यू भी किया गया है।
वन्यजीव संरक्षण से जुड़े लोगों का कहना है कि गर्मी और जलस्रोतों के सूखने के कारण अजगर पानी तथा भोजन की तलाश में खेतों और आबादी वाले इलाकों की ओर आ सकते हैं।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से अजगर दिखाई देने पर उसे नुकसान नहीं पहुंचाने और तत्काल वन विभाग या प्रशिक्षित स्नेक कैचर को सूचना देने की अपील की है। गांवों में तेलुगु भाषा में सुरक्षा संबंधी पर्चे भी वितरित किए गए हैं।