हैदराबाद: उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने गुरुवार को कहा कि तेलंगाना देश की 'डेटा सेंटर राजधानी' बनने की राह पर है।

प्रजा भवन में कई डेटा सेंटर ऑपरेटरों और ग्रीन एनर्जी उद्योग के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, "राज्य सरकार उद्योग की जरूरतों को लेकर पूरी तरह सजग है। हमने उद्योग जगत के दिग्गजों और उद्यमियों के सहयोग से तेलंगाना को देश की डेटा सेंटर राजधानी बनाने का लक्ष्य रखा है और इसके लिए योजनाएं भी तैयार कर ली हैं।"

ऊर्जा विभाग का जिम्मा संभाल रहे विक्रमार्क ने बताया कि ऊर्जा विभाग, आईटी और उद्योग विभागों के साथ मिलकर काम कर रहा है। वे डेटा सेंटरों की ऊर्जा जरूरतों पर सहयोग कर रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इन केंद्रों को बिजली की आपूर्ति में कोई कमी न आए।

उन्होंने देश के सभी डेटा सेंटर ऑपरेटरों और ग्रीन एनर्जी उत्पादकों को 7 से 9 दिसंबर तक 'फ्यूचर सिटी' में आयोजित होने वाले 'इन्वेस्ट तेलंगाना ग्लोबल समिट' में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा, "ग्लोबल समिट में आएं, राज्य को समझें और देखें कि हम क्या अवसर प्रदान कर रहे हैं।"

 

Tags: