HYDERABAD.हैदराबाद: हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष ए जगन मोहन राव और बीसीसीआई तथा सनराइजर्स हैदराबाद फ्रेंचाइजी के प्रतिनिधियों ने आगामी आईपीएल की तैयारियों के तहत बुधवार को यहां राजीव गांधी स्टेडियम (उप्पल) का निरीक्षण किया। इस स्टेडियम में पूर्व चैंपियन सनराइजर्स के घरेलू मैच होने हैं। जगन मोहन ने कहा कि उप्पल स्टेडियम के जीर्णोद्धार का काम तेजी से चल रहा है, जिस पर 5 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
उन्होंने स्टाफ को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए, क्योंकि अगले दस दिनों में पहला आईपीएल मैच होने वाला है। उन्होंने कहा कि पूरे स्टेडियम की रंगाई-पुताई की जा रही है, उत्तरी स्टैंड में नए विश्राम कक्ष बनाए जा रहे हैं और क्रिकेटरों के ड्रेसिंग रूम तथा कॉरपोरेट बॉक्स में एसी तथा टाइलें बदली जा रही हैं। उन्होंने कहा, "एसआरएच स्टेडियम के जीर्णोद्धार के लिए सीएसआर योजना के तहत भी सहयोग कर रहा है।" बीसीसीआई से वैभव और युवराज तथा सनराइजर्स हैदराबाद टीम प्रबंधन से सरवनन और रोहित मौजूद थे।