सरकार अलर्ट, मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी ने अधिकारियों संग की आपात बैठक

Update: 2025-10-27 14:59 GMT
Hyderabad हैदराबाद। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में अगले 24 घंटे के भीतर 'मोंथा' नामक चक्रवात के टकराने की आशंका के मद्देनज़र राज्य सरकार ने अलर्ट जारी कर दिया है। तेलंगाना के मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी ने सोमवार को बताया कि सरकार ने सभी जिलों में प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली हैं ताकि किसानों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की क्षति न हो। मंत्री रेड्डी ने कहा कि मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए राज्य सरकार ने मुख्य सचिव, कृषि मंत्री और जिला कलेक्टरों के साथ आपात बैठक की है। उन्होंने कहा, “मौसम विभाग के अनुसार 'मोंथा' चक्रवात कल आंध्र और तेलंगाना तट से टकरा सकता है। एहतियात के तौर पर हमने सभी जिलों के कलेक्टरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस की और फसलों की सुरक्षा, जल निकासी व्यवस्था और राहत प्रबंधन पर विस्तृत चर्चा की। 

उन्होंने बताया कि धान, मक्का, कपास और अन्य खरीफ फसलों की कटाई और खरीद प्रक्रिया प्रभावित न हो, इसके लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। मंत्री ने कहा, “हमारा सबसे बड़ा उद्देश्य है कि किसानों को कोई नुकसान न हो। सभी मंडियों और खरीद केंद्रों को सतर्क रहने को कहा गया है। जरूरत पड़ने पर अस्थायी गोदाम और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था की जाएगी। रेड्डी ने बताया कि सरकार ने सभी राजस्व और कृषि विभाग के अधिकारियों को आदेश दिया है कि वे फसलों की स्थिति का आकलन करें और आवश्यक कदम तुरंत उठाएं। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग और आपदा प्रबंधन टीमों को भी स्टैंडबाय मोड पर रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। 

चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने बचाव दलों, नाविकों और ग्रामीण स्वयंसेवकों को भी तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। रेड्डी ने कहा कि जरूरत पड़ने पर प्रभावित जिलों में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात की जाएंगी। मंत्री ने किसानों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सरकारी निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा, “हम लगातार मौसम विभाग से अपडेट ले रहे हैं। यदि आवश्यक हुआ, तो सरकार विशेष राहत पैकेज और सहायता की घोषणा करेगी। राज्य सरकार ने बिजली कटौती, पेयजल आपूर्ति और सड़कों पर मलबा हटाने जैसे बिंदुओं पर भी प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। रेड्डी ने बताया कि कृषि विभाग के फील्ड अधिकारियों को खेतों में जाकर फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 'मोंथा' चक्रवात बंगाल की खाड़ी से उठकर उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है और इसके प्रभाव से तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
Tags:    

Similar News