टाउन प्लानिंग ऑफिसर पर ACB का शिकंजा, 6.76 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति का खुलासा
जांच जारी.
हैदराबाद: तेलंगाना भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने रंगा रेड्डी जिले की मोइनाबाद नगर पालिका में तैनात एक टाउन प्लानिंग ऑफिसर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है. जांच में लगभग 6.76 करोड़ रुपये की ऐसी संपत्ति का पता चला है, जिसे कथित तौर पर भ्रष्टाचार और गलत तरीकों से जुटाया गया था. अधिकारी गुंडू वाणी, फिलहाल रिश्वतखोरी के एक मामले में न्यायिक हिरासत में हैं, जिसकी जांच भी चल रही है.
ACB ने 16 नवंबर को आठ जगहों पर छापेमारी की. इनमें वाणी का घर और दफ्तर, व उनके रिश्तेदारों, सहयोगियों और कथित बेनामीदारों के ठिकाने शामिल थे. अधिकारियों के अनुसार छापेमारी में कई चल और अचल संपत्तियों का पता चला है. अधिकारियों को संदेह है कि यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय के स्रोतों से कहीं अधिक है.
ACB के अनुसार जिन अचल संपत्तियों की पहचान की गई है, उनमें महबूबनगर जिले में 283.11 वर्ग गज और जनगांव जिले में 424 वर्ग गज के दो खुले प्लॉट शामिल हैं. इन दोनों प्लॉटों की कुल अनुमानित कीमत 87.67 लाख रुपये है. आरोप है कि अधिकारी के पास 63 लाख रुपये की कीमत वाला एक रिहायशी फ्लैट और लगभग 2.45 करोड़ रुपये की कीमत वाली तीन मंजिला रिहायशी इमारत भी है.
इसके अलावा अधिकारियों ने महबूबनगर जिले में 1.10 एकड़ कृषि भूमि का पता लगाया है, जिसकी कीमत 29.70 लाख रुपये है. ACB ने बताया कि इन संपत्तियों की वास्तविक बाजार कीमत, आधिकारिक तौर पर आंकी गई कीमत से काफी ज्यादा हो सकती है. तलाशी के दौरान मिली चल संपत्तियों में 5.47 लाख रुपये नकद, महबूबनगर में 'तुलजा भवानी वाइन' में 50 लाख रुपये का निवेश और 1.30 करोड़ रुपये के शेयर शामिल हैं.
अधिकारियों को 7.97 लाख रुपये का बैंक बैलेंस, लगभग 175.1 ग्राम सोने के आभूषण (जिनकी कीमत 2.54 लाख रुपये है) और 50 लाख रुपये की कीमत के वाहन मिले हैं. इन वाहनों में एक महिंद्रा XUV700 और एक हुंडई क्रेटा शामिल हैं. घर के सामान की कीमत 5.10 लाख रुपये आंकी गई है.
अपनी शुरुआती जांच के आधार पर ACB ने अनुमान लगाया है कि आरोपी अधिकारी के पास कुल लगभग 6.76 करोड़ रुपये की संपत्ति है. क्या उसने और भी संपत्ति जमा की है, इसका पता लगाने के लिए आगे की जांच चल रही है.
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (2018 में संशोधित) की धारा 13(1)(b) और धारा 13(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है. आरोपी अधिकारी को PT वारंट पर हैदराबाद में SPE और ACB मामलों के प्रधान विशेष न्यायाधीश के सामने पेश किया जाएगा. मामले की जांच जारी है.
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब गुंडू वाणी ACB की जांच के दायरे में आई हैं. सितंबर में, मोइनाबाद नगर पालिका कार्यालय में काम करने के दौरान, उन पर एक पंचायत सचिव के जरिए 75,000 रुपये की रिश्वत मांगने और लेने का आरोप लगा था. जिसके बाद उन्हें ACB के एक जाल (ट्रैप) मामले में गिरफ्तार किया गया था. वह फिलहाल उस मामले के सिलसिले में न्यायिक हिरासत में हैं, जिसकी जांच भी चल रही है.