तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने कोलंबो एयरपोर्ट पर फंसे भारतीयों के लिए विदेश मंत्री से मांगी मदद

Update: 2025-11-30 17:55 GMT
Chennai चेन्नई। तमिलनाडु भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से कोलंबो इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फंसे भारतीय यात्रियों की मदद का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि लगभग 300 भारतीय यात्री, जिनमें तमिलनाडु के लगभग 150 यात्री शामिल हैं, बिना खाने और पानी जैसी जरूरी सुविधाओं के एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि अखबारों की रिपोर्ट के अनुसार, साइक्लोन दितवाह के कारण श्रीलंका के कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाओं ने असर डाला, जिससे फ्लाइट ऑपरेशन कैंसिल हो गए। इन रद्द होने वाली उड़ानों की वजह से भारतीय यात्री वापस नहीं लौट पाए हैं और अब एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं।
नागेंद्रन ने कहा कि एयरलाइन स्टाफ और एयरपोर्ट अधिकारियों से बार-बार खाने और पानी के लिए अनुरोध करने के बावजूद यात्रियों की जरूरतें पूरी नहीं हो रही हैं। उन्होंने विदेश मंत्री से कोलंबो स्थित भारतीय दूतावास को एयरपोर्ट अधिकारियों के साथ तुरंत समन्वय करने का निर्देश देने का निवेदन किया, ताकि फंसे यात्रियों को बेसिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें, जब तक फ्लाइट ऑपरेशन फिर से शुरू नहीं हो जाता।
इस बीच, 'ऑपरेशन सागर बंधु' के तहत भारत ने श्रीलंका को राहत सामग्री भेजी है। नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एनडीआरएफ) ने वहां राहत अभियान तेज कर दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर श्रीलंका में चलाए जा रहे राहत अभियान की तस्वीरें शेयर करते हुए विदेश मंत्री जयशंकर ने लिखा, "एनडीआरएफ के लोग स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर श्रीलंका में राहत अभियान चला रहे हैं। ऑपरेशन सागर बंधु।"
साइक्लोन दितवाह और इसके कारण बने खराब मौसम के चलते श्रीलंका में बारिश, अचानक बाढ़ और लैंडस्लाइड की घटनाएं लगातार हो रही हैं। श्रीलंका के समाचार माध्यम डेली मिरर ने डिजास्टर मैनेजमेंट सेंटर के हवाले से बताया कि साइक्लोन दितवाह के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 200 से ज्यादा हो गई है, जबकि कम से कम 191 लोग लापता हैं।
Tags:    

Similar News