Chennai चेन्नई। एक्टर विष्णु विशाल ने मंगलवार को बताया कि उन्हें सुपरस्टार रजनीकांत का फोन आया था। रजनीकांत ने फिल्म देखने के बाद इसकी और पूरी टीम की जमकर तारीफ की। विष्णु विशाल ने निर्देशक चेला अय्यावु की सुपरहिट कॉमेडी-एंटरटेनर फिल्म 'गट्टा कुश्ती 2' में मुख्य भूमिका निभाई है।
विष्णु विशाल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस कॉल की जानकारी साझा करते हुए पहले बताया कि रजनीकांत ने उनसे क्या कहा। एक्टर ने बताया कि दिग्गज अभिनेता ने कहा कि बहुत शानदार फिल्म है। यह एक बेहद मनोरंजक फिल्म है। आजकल इस तरह की फिल्में देखने को नहीं मिलतीं। आपने बहुत अच्छा अभिनय किया है। ऐश्वर्या लक्ष्मी ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है। छोटी बच्ची जारा को कहां से ढूंढा? वह तो कमाल की थी। विष्णु, आपको अच्छी स्क्रिप्ट चुनने की समझ है। आगे भी ऐसी अच्छी फिल्में देते रहिए।
इसके बाद विष्णु विशाल ने लिखा, "मैं बेहद खुश और उत्साहित हूं कि सुपरस्टार रजनीकांत सर का फोन मुझे 'गट्टा कुश्ती 2' देखने के बाद आया। इस पूरी यात्रा का सबसे खास पल उनका यह फोन कॉल था। उनके शब्द आगे की मेरी यात्रा के लिए बहुत बड़ी प्रेरणा हैं। धन्यवाद सर। बता दें कि सुपरहिट फ्रेंचाइजी 'गट्टा कुश्ती' की दूसरी फिल्म 'गट्टा कुश्ती 2' इस साल 3 जुलाई को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
फिल्म को दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली और यह बड़ी सुपरहिट साबित हुई। फिल्म की सफलता से खुश होकर निर्माता ने विष्णु विशाल को नई बीएमडब्ल्यू 3 सीरीज कार उपहार में दी। कार मिलने के बाद विष्णु विशाल ने एक्स पर आभार व्यक्त करते हुए लिखा, "किसी निर्माता से मिला यह मेरा पहला उपहार है और मैं इसे हमेशा याद रखूंगा। 'गट्टा कुश्ती 2' की पूरी यात्रा के दौरान मिले शानदार सहयोग के लिए वेल्स फिल्म इंटरनेशनल और ईशारी के. गणेश सर का विशेष धन्यवाद। मैं हमेशा आपका आभारी रहूंगा।"
Tags: