नई दिल्ली: तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने के विवाद में सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। देश की सर्वोच्च अदालत ने अपने पूर्व आदेश का कथित रूप से पालन नहीं किए जाने पर तमिलनाडु के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (DGP), मदुरै के जिला कलेक्टर समेत 15 अधिकारियों और मंदिर न्यास के पदाधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही अदालत ने आज 28 नवंबर को दीपथून पर दीपम जलाने का निर्देश दिया है।
न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ ने शुक्रवार को मामले की सुनवाई करते हुए प्रशासनिक अधिकारियों के रवैये पर नाराजगी जताई। अदालत ने कहा कि न्यायालय के आदेशों का जानबूझकर अनुपालन नहीं किए जाने को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। ऐसी परिस्थितियों से सख्ती से निपटने की आवश्यकता है।
सुप्रीम कोर्ट ने अरुलमिगु सुब्रमण्य स्वामी मंदिर के न्यासी मंडल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मंदिर की प्रशासनिक जिम्मेदारी संभालने के लिए दो पूर्व न्यायाधीशों को रिसीवर नियुक्त किया गया है। इनमें मेघालय हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश एस. वैद्यनाथन और मद्रास हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश वी. पार्थिबन शामिल हैं। दोनों को मंदिर की व्यवस्थाओं की देखरेख और दीपम प्रज्वलित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को एक अंतरिम आदेश जारी करते हुए तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून में कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी थी। इसके बावजूद 24 नवंबर को दीपम केवल पारंपरिक उच्ची पिल्लैयार मंडपम में जलाया गया। दीपथून पर दीपम नहीं जलाए जाने के बाद याचिकाकर्ताओं ने सर्वोच्च न्यायालय का रुख किया और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अवमानना कार्रवाई की मांग की। तमिलनाडु सरकार की ओर से अदालत में इस मामले को लेकर माफी भी मांगी गई थी। राज्य प्रशासन ने दीपम नहीं जलाए जाने के लिए मंदिर प्रबंधन को जिम्मेदार बताया था। हालांकि, अदालत ने प्रशासन की ओर से प्रस्तुत स्पष्टीकरण पर असंतोष व्यक्त किया।
सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि उपलब्ध रिकॉर्ड प्रथमदृष्टया न्यायालय के निर्देशों की जानबूझकर अवहेलना की ओर संकेत करते हैं। पीठ ने इस आशंका की भी जांच आवश्यक बताई कि कहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने राजनीतिक निर्देशों के आधार पर तो कार्रवाई नहीं की थी।
अदालत ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव को विस्तृत हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है। इसमें दीपम प्रज्वलित किए जाने से पहले अधिकारियों के बीच हुए ईमेल, फोन कॉल, संदेश और संबंधित कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जानकारी प्रस्तुत करने को कहा गया है। सुप्रीम कोर्ट ने तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी, मंदिर और दरगाह की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को सौंपने के निर्देश भी दिए हैं। अदालत ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक गतिविधियों के दौरान सभी पक्षों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। अदालत ने श्रद्धालुओं को दीपम जलाने की अनुमति देते हुए दरगाह से कम से कम 50 मीटर की दूरी बनाए रखने की शर्त रखी है। दरगाह और उससे जुड़े धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के संबंध में पहले से लागू निर्देश भी प्रभावी रहेंगे।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने शुक्रवार शाम मुख्य सचिव एम. साई कुमार, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और मंत्रियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन के लिए मदुरै में सीआरपीएफ के जवान भी पहुंच चुके हैं।
कार्तिगई दीपम दक्षिण भारत का एक महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व है। तिरुपरनकुंद्रम में यह विवाद मुख्य रूप से दीपक प्रज्वलित करने के स्थान को लेकर है। राज्य सरकार पारंपरिक मंडपम में दीपम जलाने की प्रथा का उल्लेख करती रही है, जबकि याचिकाकर्ता पहाड़ी पर स्थित पत्थर के स्तंभ दीपथून पर भी दीपक जलाने की मांग कर रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट ने अवमानना नोटिस प्राप्त करने वाले अधिकारियों और मंदिर न्यास के पदाधिकारियों को 15 दिसंबर 2026 को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया है। संबंधित व्यक्तियों को स्पष्ट करना होगा कि न्यायालय के पूर्व आदेश का अनुपालन नहीं किए जाने पर उनके खिलाफ अवमानना की कार्रवाई क्यों नहीं की जानी चाहिए।
Tags: