स्टालिन को मनाने पहुंचे INDIA गठबंधन के दिग्गज, पलट जाएगा NDA का खेल?
देखें वीडियो.
चेन्नई: परिसीमन बिल के मुद्दे पर स्टालिन को मनाने के लिए इंडिया ब्लॉक के नेता उनके घर पहुंच चुके हैं। कल इस बिल पर फैसला लिया जाना है। कभी कांग्रेस के करीबी साथी रहे स्टालिन इस बिल पर सरकार के समर्थन में जाकर खड़े हो गए हैं। ऐसे में उन्हें वापस अपने साथ लाने के लिए सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई वरिष्ठ नेता पहुंचे हैं। स्टालिन के आवास पर यह बैठक हो रही है।
परिसीमन बिल के मुद्दे पर पिछले कुछ समय से एकजुट नजर आ रहा प्रमुख विपक्षी गठबंधन बिखरता हुआ नजर आ रहा है। तमिलनाडु में एमके स्टालिन की नाराजगी कांग्रेस को लेकर बढ़ती-बढ़ती सरकार के समर्थन तक जा पहुंची है। उन्होंने परिसीमन के मुद्दे पर सरकार की तरफ से लाए जा रहे बिल के समर्थन का ऐलान कर दिया है। दूसरी तरफ महाराष्ट्र की एनसीपी शरद पवार गुट ने भी इस बिल के लिए हामी भर दी है। अब कांग्रेस पार्टी और इंडिया ब्लॉक के प्रमुख सदस्य इन दोनों ही पार्टियों की मनाने की कवायद में लगे हुए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी, सोनिया गांधी इंडिया ब्लॉक के अन्य नेताओं के साथ एमके स्टालिन के साथ मुलाकात करने के लिए चेन्नई पहुंच चुके हैं। यहां स्टालिन के घर के बाहर जुटे उनके समर्थकों ने गो बैक कांग्रेस के नारे लगाए। हालांकि, विधानसभा चुनाव के बाद चली आ रही दोनों पार्टियों के बीच की उठापटक ने मामले को और भी ज्यादा पेचीदा बना दिया है।
दूसरी तरफ, केंद्र सरकार है। परिसीमन के मुद्दे पर पिछली बार मात खाने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह इस बार पूरी तैयारी में नजर आ रहे हैं। स्टालिन, पवार और जगन मोहन रेड्डी के समर्थन के बाद परिसीमन बिल के मुद्दे पर केंद्र सरकार दो तिहाई बहुमत के करीब पहुंचती हुई नजर आ रही है। हालांकि, अभी भी उसे बिल पास करवाने के लिए क्रॉस वोटिंग की जरूरत पड़ने वाली है। 30 नबंवर यानी की सोमवार को होने वाली बैठक में इस बिल पर फैसला सामने आ जाएगा। इससे पहले राहुल गांधी और भाजपा सरकार अपने-अपने साथियों को मजबूत करने में जुटी हुई है।