पूर्व मुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम DMK में शामिल, बोले- कैडर के तौर पर करूंगा काम
Chennai चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री O. Panneerselvam ने द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) का दामन थाम लिया है। चेन्नई में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की और स्पष्ट किया कि वे अब एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में पार्टी के लिए काम करेंगे।
डीएमके में शामिल होने के बाद ओ. पन्नीरसेल्वम ने कहा, “मैं डीएमके में शामिल हो गया हूं। मैं एक कैडर के तौर पर डीएमके के लिए काम करूंगा और उसे सपोर्ट करूंगा।” उनके इस बयान को तमिलनाडु की राजनीति में अहम माना जा रहा है, क्योंकि वे लंबे समय तक एआईएडीएमके से जुड़े रहे और राज्य के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
सूत्रों के मुताबिक, पार्टी नेतृत्व ने उनका स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत करने में उनके अनुभव का लाभ उठाने की बात कही है। डीएमके के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री M. K. Stalin की मौजूदगी में सदस्यता प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी मिली है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस कदम से राज्य की राजनीति में नए समीकरण बन सकते हैं। आगामी चुनावों को देखते हुए यह फैसला महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विपक्षी दलों की ओर से इस पर प्रतिक्रिया का इंतजार है, जबकि डीएमके कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।