विश्व महिला दिवस: देश का पहला मेट्रो स्टेशन श्याम नगर, यहां चपरासी से कंट्रोलर तक सभी महिलाएं

Update: 2023-03-06 14:41 GMT

जयपुर: जयपुर मेट्रो का श्याम नगर स्टेशन देश का पहला मेट्रो स्टेशन है, जहां चपरासी से लेकर कंट्रोलर, ट्रेन आॅपरेटर तक सभी महिलाएं कर्मचारी के रूप में तैनात हैं। यहां एक दर्जन से अधिक महिला कर्मचारी है, जो अलग-अलग शिफ्ट में अपनी ड्यूटी करती हैं। श्याम नगर मेट्रो स्टेशन को 24 सितंबर 2015 को महिला मेट्रो स्टेशन घोषित किया था। यहां पर वर्तमान में कंट्रोलर ज्योति रानी, टिकट वेंडिंग का काम करने वाली निशा, सुमन, सुपरवाइजर सीमा जांगिड़, पूछताछ केन्द्र पर शिखा गुप्ता, सेफाली और सुरक्षा में पूनम, ऊषा, हेमलता, ममता और सुमन नियुक्त हैं। वर्तमान में जयपुर मेट्रो में जसोदा, मोनिका मित्तल, कृष्णा कुमारी, नेहा भदौरिया, सीता मीणा, मीना सोनी, रेणु दीक्षित, सेफाली शर्मा, यति, प्राची उपाध्याय और सुरेखा गोयल टेÑन चालक हैं।

गांधी नगर महिला स्टेशन

रेलवे प्रशासन की ओर से जयपुर के गांधी नगर स्टेशन को 18 फरवरी, 2018 को महिला स्टेशन घोषित किया गया था। इसके बाद से यहां सुरक्षाकर्मी से लेकर अधिकारी (स्टेशन अधीक्षक) तक सभी महिलाएं हैं। यहां पर वर्तमान में 35 महिला कर्मचारी हैं। यहां एक शिफ्ट में एक स्टेशन अधीक्षक, एक प्वॉइंट मैन, दो चैकिंग स्टाफ, दो बुकिंग स्टाफ, एक चीफ रिजर्वेशन सुपरवाइजर ड्यूटी पर तैनात रहती हैं।

कुली का काम कर रही मंजू

सुंदरपुरा कालाडेरा निवासी मंजू यादव पति की मृत्यु के बाद पिछले दस साल से जयपुर रेलवे स्टेशन पर कुली का काम करती है। मंजू के दो बेटी व एक बेटा है। मंजू ने बताया कि काम में रेलवे कर्मचारियों और कुलियों का पूर्ण सहयोग मिलता है।

इस स्टेशन पर अलग-अलग शिफ्ट में चपरासी से लेकर कंट्रोलर तक 13 महिला कर्मचारी हैं। वह सब यहां टीम भावना से काम करते हैं। यात्रियों को सफर के दौरान कोई परेशानी ना हो, इसके लिए पूरे प्रयास किए जाते हैं।

-ज्योति रानी, स्टेशन कंट्रोलर

मैं 2015 से मेट्रो ट्रेन चला रही हूं। यात्रियों को सुरक्षित सफर कराना मेरी जिम्मेदारी है। मेट्रो ट्रेन चलाना बहुत अच्छा लगता है।

-जसोदा सिघंल, चालक

Tags:    

Similar News