जयपुर: वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता और जन भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से राजस्थान वन विभाग की ओर से 72वें वन्यजीव सप्ताह-2026 का आयोजन 2 से 8 अक्टूबर तक किया जाएगा। जयपुर में सप्ताहभर जयपुर चिड़ियाघर, नाहरगढ़ जैविक उद्यान, नाहरगढ़ वन्यजीव अभयारण्य और झालाना-अमागढ़ तेंदुआ अभयारण्य सहित विभिन्न स्थानों पर संरक्षण, जागरूकता और रचनात्मक गतिविधियां आयोजित होंगी। इस बार कार्यक्रमों में मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व और तेंदुआ संरक्षण पर विशेष जोर रहेगा।

वन्यजीव सप्ताह का शुभारंभ 2 अक्टूबर सुबह 9 बजे नाहरगढ़ जैविक उद्यान में वन एवं वन्यजीव संरक्षण की शपथ के साथ होगा। इसके बाद ‘स्वच्छ एवं हरित अभयारण्य’ अभियान, वन्यजीव संरक्षण जागरूकता रैली और मृत वन्यजीवों को श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सप्ताहभर विद्यार्थियों, वनकर्मियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आमजन की सहभागिता से प्रकृति भ्रमण, शैक्षणिक भ्रमण, वन्यजीव वृत्तचित्र प्रदर्शन, पक्षी अवलोकन, पौधारोपण, प्राकृतिक आवास संवर्धन और स्वच्छता अभियान होंगे। वन अधिकारियों और पशु चिकित्सकों के साथ विद्यार्थियों के लिए संवाद सत्र भी आयोजित किया जाएगा।

वन्यजीव सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों और युवाओं के लिए कई रचनात्मक प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें हाथी सजावट, वन्यजीव छायाचित्रण और वन्यजीव सप्ताह प्रतीक चिह्न डिजाइन प्रतियोगिता प्रमुख आकर्षण रहेंगी। इसके अलावा चित्रकला, दीवार चित्रांकन, मुख चित्रांकन, रंगोली, निबंध लेखन, भाषण, प्रश्नोत्तरी, पोस्टर निर्माण और मिट्टी की कलाकृति निर्माण प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

इन प्रतियोगिताओं के जरिए बच्चों और युवाओं को वन्यजीव संरक्षण, प्रकृति और मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व से जुड़े संदेशों को अपनी रचनात्मकता के माध्यम से सामने रखने का अवसर मिलेगा।

इस वर्ष प्रतियोगिताओं और जागरूकता गतिविधियों के विषयों में ‘आवास को जोड़ें, वन्यजीवों को फलने-फूलने दें’, ‘प्रकृति के साथ वन्यजीव संरक्षण’, ‘मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व के साथ वन्यजीव संरक्षण’ तथा ‘वन्यजीव बचाएं, प्रकृति बचाएं’ शामिल हैं।

‘तेंदुओं के साथ सह-अस्तित्व’ विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम होंगे। स्थानीय समुदायों के साथ संरक्षण संवाद और अग्रिम पंक्ति के वनकर्मियों के साथ विद्यार्थियों के अनुभव-साझाकरण सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा पशु स्वास्थ्य जागरूकता शिविर और सर्प जागरूकता प्रदर्शन होगा।

वन विभाग की ओर से स्वच्छता और प्लास्टिक-मुक्त अभियान चलाने के साथ विभिन्न क्षेत्रों में पौधारोपण एवं प्राकृतिक आवास संवर्धन गतिविधियां भी की जाएंगी।

8 अक्टूबर को पुरस्कार वितरण

वन्यजीव सप्ताह का समापन समारोह और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम 8 अक्टूबर को नाहरगढ़ जैविक उद्यान/अरुण्य भवन, जयपुर में होगा। सप्ताहभर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों के विजेताओं को इस अवसर पर पुरस्कृत किया जाएगा।

वन विभाग ने जयपुर के विद्यालयों, महाविद्यालयों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्थानीय समुदायों और वन्यजीव प्रेमियों से इस जन-अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। विभाग के अनुसार वन्यजीव संरक्षण केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनभागीदारी और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता से ही मानव और वन्यजीवों के बीच बेहतर सह-अस्तित्व सुनिश्चित किया जा सकता है।

Tags: