बच्चा नहीं होने से परेशान महिला टीचर ने की आत्महत्या, पिता ने लगाया हत्या का आरोप

Update: 2022-11-29 12:45 GMT
बच्चा नहीं होने से परेशान महिला टीचर ने की आत्महत्या, पिता ने लगाया हत्या का आरोप
  • whatsapp icon
अलवर। राजस्थान के अलवर जिले में एक महिला टीचर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला की मौत के बाद ससुराल और पीहर पक्ष दोनों आमने-सामने हो गए। ससुराल पक्ष के लोगों ने महिला की मौत को लेकर बताया कि बच्चा नहीं होने से वह डिप्रेशन में थी। जिसके चलते उसने खुदकुशी कर ली। वहीं मृतका के पिता ने ससुराल वालों पर बेटी को जहर देने का आरोप लगाया है। मृतका के पिता ने उसके पति समेत सास-ससुर के खिलाफ महिला थाने में मामला दर्ज करवाया है। यह घटना अलवर शहर के एनईबी थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर की है।
पुलिस के मुताबिक, तीन साल पहले 19 अक्टूबर 2019 को दिल्ली की रहने वाली मनप्रीत कौर की शादी अलवर निवासी गुरप्रीत से हुई थी। महिला के बच्चा नहीं था। ससुरालवालों का कहना है कि शादी के तीन साल बाद भी बच्चा नहीं होने की वजह से मनप्रीत डिप्रेशन में थी। रविवार को उसका पति गुरप्रीत किसी काम से बाहर गया हुआ था। दोपहर 12 बजे आया तो उसकी पत्नी को उल्टियां हो रही थी। इस पर उसने मेडिकल स्टोर से दवाई लाकर दी। जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तो उसे हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। इधर, मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष के लोगों पर आरोप लगाया कि उनकी बेटी को जहर देकर मारा गया है। एक साल पहले भी दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। दोनों में मामला इतना बढ़ गया कि मनप्रीत ससुराल में नहीं रहना चाहती थी। जिसके बाद दोनों का समाज के लोगों ने राजीनाम कराया। इसके बाद बेटी को दोबारा भेजा गया।
मृतका के पिता ने बताया कि बेटी की शादी में एक लाख रुपये कैश और गोल्ड दिया गया था। इसके बाद भी ससुराल वाले मनप्रीत को परेशान कर रहे थे। मृतका के पिता ने बताया कि पति गुरप्रीत, ससुर गुरदयाल और सास मायकौर एक महीने से उसे परेशान कर रहे थे। पिता का कहना है कि पति ने सास- ससुर के साथ मिलकर बेटी को जहर दिया है। वहीं, पिता ने महिला थाने में तीनों के खिलाफ शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

Similar News