Udaipur: जैसलमेर प्रकरण को लेकर उदयपुर में सड़क पर उतरे कार्यकर्ता
कार्यकर्ताओं से दुर्व्यवहार के विरोध में एबीवीपी का प्रदर्शन
उदयपुर: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), उदयपुर महानगर के कार्यकर्ताओं ने जैसलमेर में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर तिरंगा यात्रा की अनुमति लेने पहुँचे अभाविप कार्यकर्ताओं के साथ हुए दुर्व्यवहार के विरोध में मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर अभाविप उदयपुर महानगर मंत्री कोमल वैष्णव के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने जैसलमेर के दोषी सीआई एवं हेड कांस्टेबल को तत्काल निलंबित करने की मांग की।
इस अवसर पर महानगर मंत्री कोमल वैष्णव ने कहा कि कारगिल विजय दिवस जैसे राष्ट्रगौरव के अवसर पर तिरंगा यात्रा की अनुमति लेने पहुँचे राष्ट्रभक्त विद्यार्थियों के साथ अभद्र व्यवहार करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय है। जैसलमेर में पुलिस द्वारा जिस प्रकार कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार किया गया तथा शहीदों एवं भारतीय सेना के सम्मान से जुड़े विषय पर असंवेदनशीलता दिखाई गई, वह पूरे छात्र समाज की भावनाओं को आहत करने वाला है। अभाविप दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई एवं निलंबन की मांग करती है।
अभाविप के विभाग संयोजक अंशुल शर्मा ने कहा कि यह संघर्ष किसी एक संगठन का नहीं, बल्कि राष्ट्रगौरव, तिरंगे के सम्मान और कारगिल के वीर शहीदों के सम्मान का है। अभाविप का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित के विषयों पर सदैव मुखर रहा है और आगे भी रहेगा। यदि दोषी पुलिसकर्मियों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो विद्यार्थी परिषद प्रदेशभर में आंदोलन को और व्यापक करेगी। राष्ट्रभक्ति का स्वर किसी भी परिस्थिति में दबाया नहीं जा सकता।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में दोषी सीआई एवं हेड कांस्टेबल को तत्काल निलंबित करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि सरकार एवं प्रशासन ने शीघ्र न्यायोचित कार्रवाई नहीं की, तो अभाविप लोकतांत्रिक तरीके से अपने आंदोलन को और तेज करेगी।