उदयपुर: उदयपुर नगर निगम के 80 वार्डों के लिए शुक्रवार को सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। मतदान को लेकर शहर में मतदाताओं में उत्साह नजर आया। कई मतदान केंद्रों पर सुबह से ही कतारें लगी रहीं। उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत पत्नी और बेटे के साथ मतदान करने पहुंचे, वहीं शहर विधायक ताराचंद जैन ने भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। दोपहर एक बजे तक उदयपुर नगर निगम क्षेत्र में 38.45 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

मतदान के दौरान वार्ड 23 में मतदान केंद्र के बाहर हंगामे की स्थिति बनी, जबकि वार्ड 33 में EVM में तकनीकी खराबी के चलते करीब पांच मिनट तक मतदान प्रभावित रहा। हालांकि बाद में तकनीकी समस्या दूर कर मतदान सुचारू करा दिया गया। दूसरी ओर कृष्णपुरा में सुबह करीब 8.14 बजे लगभग तीन मिनट बिजली गुल रही, जिसे जल्द बहाल कर दिया गया।

—उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत सुबह करीब 10 बजे पत्नी रजनी रावत और बेटे के साथ सेक्टर-14 स्थित नवजीवन स्कूल के मतदान केंद्र पहुंचे और मतदान किया। उन्होंने लोगों से लोकतंत्र के पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। शहर विधायक ताराचंद जैन ने गोवर्धन विलास क्षेत्र में डाइट स्थित मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान किया।

—वार्ड नंबर 23 के आरएमवी स्कूल मतदान केंद्र के बाहर कार्यकर्ताओं के बीच हंगामे की स्थिति बनी। भाजपा शहर जिला उपाध्यक्ष दिग्विजय श्रीमाली ने मतदान केंद्र की निर्धारित 200 मीटर की परिधि में कांग्रेस समर्थकों के मौजूद होने पर विरोध जताया। सूचना मिलने पर डीएसपी छवि शर्मा सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और समर्थकों को निर्धारित सीमा से बाहर किया। इसके बाद मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहा। वार्ड—29 और वार्ड—23 में भी हल्के—फुल्के हंगामे के समाचार सामने आए।

वहीं वार्ड 24 में मतदान के दौरान सौहार्दपूर्ण माहौल नजर आया। यहां भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आसपास बैठे दिखाई दिए। दोनों दलों के नेता भी एक ही स्थान पर बैठकर बातचीत करते नजर आए।

—उदयपुर जिले की नगर पालिकाओं में भी मतदान को लेकर उत्साह नजर आया। दोपहर एक बजे तक मावली में 67.57 प्रतिशत और कानोड़ में 56.24 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। उदयपुर नगर निगम क्षेत्र में यह आंकड़ा 38.45 प्रतिशत रहा। बांसवाड़ा जिले की कुशलगढ़ नगरपालिका में कुल 8,867 मतदाताओं में से दोपहर एक बजे तक 3,974 मतदाताओं ने मतदान किया। यहां मतदान प्रतिशत 44.82 रहा। वहीं परतापुर-गढ़ी नगरपालिका में कुल 19,331 मतदाताओं में से 9,070 मतदाताओं ने वोट डाला। यहां मतदान प्रतिशत 46.92 दर्ज किया गया।

कुशलगढ़ के वार्ड नंबर 10 स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के मतदान केंद्र पर पति-पत्नी एक साथ वोट डालने पहुंचे। उनके साथ बच्चा भी था, जो मतदान केंद्र के बाहर खड़ा रहा। परतापुर-गढ़ी नगरपालिका के वार्ड नंबर 8 में 103 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने मतदान कर लोकतंत्र के पर्व में भागीदारी निभाई। वहीं 92 वर्षीय बुजुर्ग भी अपने बेटे के साथ मतदान केंद्र पहुंचे। परतापुर-गढ़ी पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष पूंजीलाल गायरी ने चुनाव में बोर्ड बनाने का दावा किया।

—कुशलगढ़ नगरपालिका में 20 वार्डों के लिए 20 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कुछ वार्डों में सुबह मतदान की गति धीमी रही। वार्ड नंबर 7 के मतदान केंद्र पर अपेक्षाकृत कम भीड़ दिखाई दी, जबकि वार्ड 8 और 10 के केंद्रों पर मतदाता पहुंचे।

परतापुर-गढ़ी के तैयबिया उच्च माध्यमिक विद्यालय, सदर बाजार स्थित वार्ड नंबर 10 के मतदान केंद्र पर मतदाताओं की कतार नजर आई। वार्ड 1, 2 और 3 के मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। राजकीय प्राथमिक विद्यालय पांडवा में वार्ड 16 और 17 के केंद्र पर कम भीड़ रही। वहीं फूलकुंवर बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में वार्ड 4, 5 और 6 के केंद्रों पर भी मतदाता मतदान के लिए पहुंचे।

Tags: