Udaipur उदयपुर: आतंकी साजिश का इनपुट मिलने के बाद एनआईए ने देशभर के 19 स्थानों सहित अविभाजित उदयपुर संभाग के डूंगरपुर में भी छापामार कार्रवाई की है। एएनआई ने आतंकी साजिश में शामिल होने की आशंका में एक मौलाना को गिरफ्तार किया है। टीम ने मौलाना को गिरफ्तार करने के साथ ही मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। सूत्रों के अनुसार एएनआई की टीम ने गुप्त सूत्रों से इनपुट मिलने के बाद ये कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार एनआईए की टीम गुरुवार सुबह डूंगरपुर के चितरी थाना क्षेत्र में गलियाकोट में आ धमकी और मौलाना सलमान के घर पर छापेमारी की। छापेमारी के साथ ही मौलाना से पूछताछ शुरू की गई। इसके बाद एनआईए की टीम मौलाना को साथ लेकर चितरी थाने पहुंची। वहां एक कमरे में उससे पूछताछ की गई। मौलाना से काफी लंबे समय तक पूछताछ की गई। मौलाना सलमान गलियाकोट में दरगाह में मदरसे में बच्चों को पढ़ाता है और मूल रूप से गुजरात का रहने वाला है।
देशभर में छापेमारी
एएनआई असम के ग्वालपाड़ा, महाराष्ट्र के औरंगाबाद, मुंबई और अमरावती, उत्तर प्रदेश के झांसी, बरेली, देवबंद और सहारनपुर, बिहार के सीतामढ़ी, पश्चिम बंगाल के हुगली, जम्मू-कश्मीर के बारामूला, रियासी, बड़गाम और अनंतनाग, राजस्थान के डूंगरपुर और गुजरात के मेहसाणा सहित 19 स्थानों पर यह छापे मारे हैं। यह कार्रवाई आतंकी साजिश में जुडे़ संदिग्ध लोगों के यहां पर की गई है।