कोटा: राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सोमवार, 9 नवंबर को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गैस के खाली सिलेंडरों से भरे तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े सेना के ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में भारतीय सेना के हवलदार नारायण लाल की मौत हो गई, जबकि एक अन्य जवान दीपक घायल हो गए। घटना जालिमपुरा टोल प्लाजा के पास दोपहर करीब 2:15 बजे हुई। सेना के जवान ट्रक में सवार होकर कोटा की ओर से आ रहे थे। उनके साथ सेना के अन्य वाहन भी चल रहे थे। इसी दौरान जालिमपुरा के पास सेना का ट्रक रुका हुआ था। पीछे से आ रहे ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सेना के ट्रक का एक पहिया सड़क किनारे बनी छोटी दीवार पर चढ़ गया।
हादसे के दौरान हवलदार नारायण लाल ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आ गए। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई। मृतक जवान की पहचान 30 वर्षीय नारायण लाल के रूप में हुई है। वे आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा के रहने वाले थे और कोटा में सेना के हवलदार पद पर तैनात थे। इस दुर्घटना में 35 वर्षीय जवान दीपक भी घायल हुए। घटना की सूचना मिलने पर सुल्तानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों जवानों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने नारायण लाल को मृत घोषित कर दिया। घायल जवान को उपचार के लिए कोटा के सेना अस्पताल भेजा गया। टक्कर के बाद ट्रेलर में रखे गैस के खाली सिलेंडर एक्सप्रेसवे पर बिखर गए। इससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से सड़क पर फैले सिलेंडरों को हटवाया और स्थिति को संभाला।
सुल्तानपुर थानाधिकारी दौलत साहू के मुताबिक, ट्रेलर तेज गति से आ रहा था। पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।हादसे के बाद मृतक हवलदार के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। सेना के संबंधित अधिकारियों को भी दुर्घटना की जानकारी दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रेलर चालक किन परिस्थितियों में सड़क किनारे खड़े सैन्य वाहन को टक्कर मार बैठा।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुई इस दुर्घटना ने एक सैनिक की जान ले ली और दूसरे को घायल कर दिया। फिलहाल घायल जवान का उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Tags: