Sawai Madhopur सवाई माधोपुर: बुधवार देर रात ऐसा ही एक वाकया सामने आया, जब एक टाइगर जंगल से निकलकर रणथंभौर रोड पर आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाघ का मूवमेंट करीब एक घंटे तक इसी क्षेत्र में बना रहा। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद बाघ को वापस जंगल की ओर मोड़ा गया।
रणथंभौर टाइगर रिजर्व फॉरेस्ट के सहायक वन संरक्षक महेश शर्मा ने बताया कि टाइगर मूवमेंट की सूचना मिलते ही वे टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहां एक बाघिन को फतेह कैफे की दीवार पर चहलकदमी करते हुए देखा गया। कुछ देर बाद वह दीवार से उतरकर कैफे के भीतर स्थित गार्डन में चली गई, जहां वह लगभग एक घंटे तक रही।
इसके बाद वह रणथंभौर रोड की ओर बढ़ी और फिर हेलीपैड की तरफ मुड़ गई। हेलीपैड के पास वन विभाग की सुरक्षा दीवार पार कर बाघिन जंगल की ओर लौट गई। ACF महेश शर्मा ने बताया कि उनकी निगरानी में सुबह पांच बजे तक बाघिन की मूवमेंट पर नजर रखी गई। हालांकि अंधेरा अधिक होने के कारण बाघिन की पहचान नहीं हो सकी।
एसीएफ शर्मा ने बताया कि वन विभाग की टीम लगातार बाघिन की मॉनिटरिंग कर रही है, ताकि वह दोबारा आबादी वाले क्षेत्र में न आए और कोई दुर्घटना न हो। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी वन्यजीव की सूचना तुरंत देने की अपील की है।