चूरू न्यूज़: कांग्रेस सरकार की नाकामियों को लेकर प्रदेश भाजपा के योजनानुसार नहीं सहेगा राजस्थान अभियान की जानकारी देने के लिए सोमवार को विधायक आवास पर प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद संतोष अहलावत ने पत्रकार वार्ता की।

अहलावत ने कहा कि कांग्रेस की गहलोत सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। ये सरकार युवाओं के सपने तोड़ने और किसानों से वादाखिलाफी करने वाली साबित हुई है। गहलोत सरकार की विदाई का समय आ गया है। उन्होंने झुंझुनूं के बुहाना में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मीटिंग में किसानों के 10 दिन में कर्जमाफी करने की घोषणा का जिक्र करते हुए कहा कि इससे बड़ा किसानों के साथ धोखे का और उदाहरण क्या हो सकता है। आज तक प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने किसानों का कर्जा माफ नहीं किया।

अहलावत ने कहा कि प्रदेश के मुखिया साढ़े चार साल खुद की कुर्सी बचाने में लगे रहे, जिसका नतीजा है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था का इकबाल समाप्त हो गया है। जगह-जगह लूटपाट, गैंगवार और बच्चियों को उठाने एवं उनकी साथ दरिंदगी करने के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। परन्तु अब राजस्थान की जनता इसको सहन नहीं करेगी। उन्होंने जयपुर में एक अगस्त को होने वाले बड़े आंदोलन का जिक्र किया। पूर्व जिला प्रमुख हरलाल सहारण ने कहा कि इस सरकार ने प्रदेश के गौरव को नुकसान पहुंचाया है।

जिलाध्यक्ष धर्मवीर पुजारी ने नहीं सहेगा राजस्थान के बारे में संक्षिप्त में जानकारी दी। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा, प्रधान दीपचन्द राहड़, जिला महामंत्री नरेन्द्र कंवल, जिला उपाध्यक्ष अभिषेक चोटिया, मंडल अध्यक्ष उत्तर सुरेश सारस्वत, मंडल अध्यक्ष दक्षिण दीनदयाल सैनी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष मदनगोपाल बालाण, सुरेश मिश्रा एवं राजीव शर्मा आदि मौजूद थे। संचालन जिला मीडिया संयोजक रवि दाधीच ने किया।

Tags: