Sawai Madhopur में प्रभारी सचिव ने राहत कार्यों की समीक्षा की

Update: 2025-09-07 07:26 GMT
Jaipur जयपुर । सवाई माधोपुर जिले में अतिवृष्टि से उपजे हालातों, आपदा प्रबंधन एवं प्रभावित क्षेत्रों में चलाए जा रहे राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा बैठक शनिवार को प्रमुख शासन सचिव, जिला प्रभारी सचिव डॉ. देबाशीष पृष्टी की अध्यक्षता में सवाई माधोपुर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। समीक्षा बैठक में जिला कलक्टर श्री काना राम एवं पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार बेनीवाल वीसी के माध्यम से उपस्थित रहे।
जिला प्रभारी सचिव डॉ. देबाशीष पृष्टी ने कहा कि प्रभावित जनता तक राहत पहुँचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति, फसल नुकसान की गिरदावरी, बीमा दावों और मुआवजा प्रक्रिया, पशुहानि का आकलन, चारे व पशु चिकित्सकीय सेवाओं की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य सेवाओं पर विस्तृत चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए। इस दौरान उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों में डेंगू, मलेरिया, हैजा जैसी मौसमी बीमारियों से बचाव हेतु विशेष कार्य योजना बनाकर एंटी लार्वा गतिविधियां और फॉगिंग गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश सीएमएचओं डॉ. अनिल कुमार जैमिनी को दिए।
उन्होंने सूरवाल बांध में अधिक जल आवक की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त जल को संयोजित रूप से बनास नदी में पहुंचाने की कार्ययोजना तैयार करवाने के निर्देश जिला कलक्टर को दिए। साथ ही सभी छोटे-बड़े बांधों की सुरक्षा जांच के लिए कमेटी गठित कर सात दिवस में सुरक्षा की दृष्टि से स्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश जल संसाधन विभाग के अधिशाषी अभियंता श्री अरुण शर्मा को दिए।
प्रभारी सचिव ने “गाँव चलो अभियान”, “शहर चलो अभियान” और “सहकार सदस्यता अभियान” की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि इन अभियानों से पूर्व अधूरे कार्यों की सूची बनाकर संबंधित विभागों द्वारा शिविरों के दौरान लंबित कार्यों का निस्तारण कर आमजन को शिविरों का अधिकाधिक लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जिले में उर्वरक (डीएपी, यूरिया आदि) की उपलब्धता और समान वितरण सुनिश्चित करने के भी निर्देश संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार श्री राकेश कुमार अटल को प्रदान किए।
उन्होंने वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों और सरकारी भवनों की शीघ्र मरम्मत, विद्यालयों व आंगनबाड़ी केन्द्रों की सुरक्षा, सुरक्षित आश्रय स्थल, भोजन, दवाइयां और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की त्वरित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग समन्वयपूर्वक कार्य करते हुए प्रभावितों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराएं और सरकार के सुशासन विजन के अनुरूप जनता का विश्वास मजबूत करें।
जिला कलक्टर काना राम ने आश्वस्त किया कि प्रभारी सचिव के सभी निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी।
Tags:    

Similar News