कांग्रेस सरकार से परेशान है जनता, मिड्ढा ने कहा- सक्रिय हों कार्यकर्ता

Update: 2023-08-24 16:21 GMT
हनुमानगढ़। हरियाणा के जींद से भाजपा विधायक कृष्णलाल मिड्ढा ने बुधवार को कहा कि आज जनता कांग्रेस सरकार से तंग-परेशान है। स्कूलों में मास्टर नजर नहीं आते हैं। थाने में थानेदार नजर नहीं आता है। हॉस्पिटलों में डॉक्टर नहीं हैं। प्रदेश का माहौल भाजपा के हक में जा रहा है। सभी कार्यकर्ता निरंतर रूप से सदस्यता अभियान में जुटे हुए हैं ताकि अधिक से अधिक सदस्य बनाए जा सकें। केन्द्रीय विधायक प्रवासी कार्यक्रम के तहत हनुमानगढ़ प्रवास पर आए मिड्ढा बुधवार को गांव मक्कासर में सदस्यता अभियान को लेकर हुई बैठक में शामिल हुए।
इससे पहले उन्होंने भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सुबह टाउन के गुरुद्वारा शहीद बाबा सुखासिंह बाबा महताब सिंह में शीश नवाया। उसके बाद पंडित दीनदयाल चौक पर स्थापित मूर्ति पर माल्यार्पण का कार्यक्रम हुआ। तत्पश्चात शास्त्री वाटिका में पौधरोपण किया गया। इसके बाद जींद विधायक ने सामाजिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसके बाद गांव मक्कासर में सदस्यता अभियान को लेकर हुई बैठक में शामिल हुए। शाम को टाउन नगर मण्डल में आयोजित युवा सम्मेलन व फिर शक्ति केन्द्र नम्बर सात के सम्मेलन में जींद विधायक शामिल हुए।
भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र पारीक ने बताया कि केन्द्रीय विधायक प्रवासी कार्यक्रम के नमित हरियाणा के जींद से विधायक कृष्ण मिड्ढा हनुमानगढ़ के प्रवास पर हैं। निरंतर हनुमानगढ़ विधानसभा क्षेत्र में उनके कार्यक्रम हो रहे हैं। उनके कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह धार्मिक स्थल पर धोक लगाने के साथ होती है। पारीक ने कहा कि पूरे उत्साह के साथ सदस्यता अभियान को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता चला रहे हैं। हनुमानगढ़ टाउन नगर मण्डल अध्यक्ष प्रदीप ऐरी ने बताया कि पार्टी कार्यक्रम के अन्तर्गत प्रदेश के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में प्रवासी विधायक पहुंचे हुए हैं। वे कार्यकर्ताओं से मिलकर उनके विचार जान रहे हैं। जनता से मिलकर सदस्यता अभियान को गति देने का काम किया जा रहा है। इस मौके पर जुगल किशोर गौड़, भारतभूषण शर्मा, विकास गुप्ता, अमित सहू, कविन्द्र सिंह, अरुण खिलेरी, प्रकाश तंवर, नितिन बंसल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र पारीक, पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप, नगर परिषद के पूर्व सभापति राजकुमार हिसारिया, विकास गुप्ता भी मौजूद थे।
Tags:    

Similar News