शादी समारोह में खाना बनाते समय भभका सिलेंडर, घर में फैली आग

Update: 2023-05-01 07:26 GMT
भरतपुर। भरतपुर बयाना थाना इलाके के गांव खटनावली में रविवार को एक शादी समारोह में गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। सिलेंडर में लगी आग देखते ही देखते शादी वाले पूरे घर में फैल गई। आग से घर में रखा घरेलू और शादी का सामान जलकर नष्ट हो गया। वहीं तैयार हो रहा खाना भी खराब हो गया। कुछ ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए जलते हुए सिलेंडर को बाहर निकाल कर खेत में पटक दिया। हादसे से मौके पर लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने मिट्टी-पानी डालकर आग पर करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया। सूचना पर झील पुलिस चौकी भी मौके पर पहुंच गई। गनीमत रही कि सिलेंडर फटा नहीं, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के मुताबिक गांव खटनावली में निर्भयसिंह जाटव के पुत्र लवकुश की 1 मई यानी कल शादी होने वाली है। रविवार को निर्भय की ओर से शादी के उपलक्ष में प्रीतिभोज का आयोजन किया गया था। दोपहर को हलवाई शादी वाले घर के अंदर प्रीतिभोज के लिए खाना तैयार कर रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 3 बजे अचानक सिलेंडर में आग लग गई। सिलेंडर में अचानक भभकी आग को देखकर हलवाई भी डर गए और वहां से निकल गए। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
इसी दौरान तेज हवा चलने से आग घर के अंदर फैल गई। शादी वाले घर को आग की लपटों के बीच घिरा देख लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोग खाना छोड़ आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए मिट्टी पानी डालकर आग पर काबू पाया। झील चौकी इंचार्ज खुशीराम ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन तब तक ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया था।
Tags:    

Similar News