जयपुर। देव जलझूलनी एकादशी के अवसर पर सोमवार को चाकसू के विभिन्न मंदिरों से ठाकुर जी नगर भ्रमण पर निकले। फूलों से सजी धजी पालकी में ठाकुर जी को नई पोशाक पहनाकर विराजमान किया गया। इसके बाद जयकारों के बीच ये पालकियां रवाना हुई।
अलग-अलग मंदिरों से निकली पालकियां एक जगह पर एकत्रित हुई और फिर शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए गोलीराव तालाब होकर देर शाम मनोहरा तालाब पर पहुंची। जहां ठाकुर जी की पालकियों को जल विहार कराया गया। इसके बाद सामूहिक महाआरती हुई। इस अवसर पर शहर में जगह-जगह ठाकुर जी का स्वागत किया गया। श्रद्धालु पालकियों के नीचे से निकलते रहे और दर्शन कर सुख समृद्धि की कामना की।
सवेरे से ही मंदिरों में इन पालकियों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। भगवान को नई पोशाक पहनाई गई। इसके बाद शाम को राजसी ठाठ बाट से ये पालकियां रवाना हुई। श्रद्धालु इन्हें कंधों पर उठाए चल रहे थे। श्रद्धालुओं ने ठाकुर जी को चंवर डुलाया। जगह- जगह पुष्प वर्षा कर इनका स्वागत किया गया।