टीबी रोगियों को मिला पोषण का संबल, सेवा पखवाड़ा में वितरित हुई 230 निक्षय किट
Pakhwada पखवाड़ा: सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत शनिवार को जिला मुख्यालय पर टीबी अस्पताल परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर के 230 टीबी रोगियों को निक्षय पोषण किट वितरित की गईं, जिससे मरीजों को उपचार के दौरान पौष्टिक आहार उपलब्ध हो सके।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल जेमिनी, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अमित कुमार गोयल, पीएमओ डॉ. तेजराम मीणा एवं एम.ओ.टी.सी डॉ. देशराज मीणा सहित चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा टीबी उन्मूलन हेतु लगातार ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। निक्षय पोषण योजना का उद्देश्य मरीजों को संतुलित आहार उपलब्ध कराना है ताकि वे शीघ्र स्वस्थ होकर सामान्य जीवन जी सकें।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अमित कुमार गोयल ने कहा कि इस पहल से मरीजों को उपचार में सहयोग मिलेगा, उनकी रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ेगी और बीमारी से लड़ने का हौंसला भी मिलेगा। साथ ही मरीजों व उनके परिजनों को दवा समय पर लेने और टीबी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के लिए जागरूक किया गया।
सेवा पखवाड़ा के दौरान जिले में स्वास्थ्य जांच शिविर, पोषण संवर्धन कार्यक्रम और जन-जागरूकता गतिविधियाँ लगातार आयोजित की जा रही हैं। इस अवसर पर उपस्थित सभी ने मिलकर टीबी मुक्त भारत के संकल्प को दोहराया।