Ajmer अजमेर : राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान के तहत अजमेर जिले में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ रविवार को 19वीं कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
इस बार पुलिस ने दो पुरुष, दो महिलाओं और पांच बच्चों सहित कुल नौ बांग्लादेशी नागरिकों को दस्तयाब किया है। अब तक इस अभियान के अंतर्गत कुल 52 अवैध घुसपैठियों की पहचान की जा चुकी है। पुलिस मुख्यालय, जयपुर के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य अवैध रूप से भारत में रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान और उन्हें देश से निष्कासित करना है।
अजमेर पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर हिमांशु जागिंड व सीओ लक्ष्मण राम ने किया। थाना दरगाह व CID ज़ोन अजमेर की टीम ने संयुक्त रूप से इस अभियान को अंजाम दिया। अजमेर पुलिस और सीआईडी ज़ोन की टीम द्वारा पकड़े गए सभी नागरिकों से पूछताछ जारी है।
उनके दस्तावेजों की जांच की जा रही है। नियमानुसार इन सभी को डिटेंशन सेंटर भेजने और गृह मंत्रालय को सूचित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। राज्य पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि यह विशेष अभियान अजमेर सहित प्रदेश के अन्य जिलों में भी लगातार जारी रहेगा, ताकि अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान कर उन्हें निष्कासित किया जा सके।