Sriganganagar श्रीगंगानगर । मानसून के दौरान वर्षा जल की निकासी, सौन्दर्यकरण और शहर विकास की योजनाओं के संबंध में सोमवार को जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में यूआईटी एवं नगरपरिषद अधिकारियों की बैठक हुई। इस दौरान गंगानगर विधायक श्री जयदीप बिहाणी भी मौजूद रहे। जिला कलक्टर एवं विधायक ने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
बैठक में जिला कलक्टर द्वारा यूआईटी एवं नगरपरिषद के साथ-साथ समस्त नगर निकायों द्वारा वर्षा जल की निकासी के संबंध में की गई तैयारियों की समीक्षा कर निर्देशित किया गया कि कहीं भी जल भराव की समस्या नहीं रहनी चाहिए। संबंधित निकाय अधिकारी आवश्यक तैयारी पूर्ण रखें। मुख्य मार्गों एवं चौराहों के सौन्दर्यकरण के साथ-साथ पौधारोपण के लिये यूआईटी एवं नगरपरिषद अधिकारियों को निर्देशित करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि विकास योजनाओं के कार्य निर्धारित अवधि में पूर्ण किये जाये।
विधायक श्री बिहाणी ने भी शहर विकास और सौन्दर्यकरण कार्यों पर चर्चा करते हुए कहा कि मिनी सचिवालय का निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करवाया जाये। इसके लिये राज्य स्तर से समन्वय किया जा रहा है। उक्त निर्माण कार्य राज्य सरकार की प्राथमिकता में है। उन्होंने कहा कि निर्माण एजेंसी आरएसआरडीसी द्वारा मिनी सचिवालय के साथ-साथ सड़क मार्ग का निर्माण कार्य गुणवत्तापूवर्क किया जाये ताकि आवागमन में कोई परेशानी नहीं आये। इस अवसर पर स्वर्गीय जगजीत सिंह ऑडिटोरियम सहित अन्य योजना पर भी चर्चा हुई।
बैठक में यूआईटी सचिव श्री अशोक असीजा, नगर परिषद आयुक्त श्री रविन्द्र कुमार यादव, श्री सुरेन्द्र पूनिया, श्री मंगत सेतिया सहित अन्य मौजूद रहे।
Tags: