Sri Ganganagar: साइकिल रैली से जिले में आरम्भ हुआ वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान
Sri Ganganagar श्रीगंगानगर । माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार जल संरचनाओं का जीर्णोद्धार, भू-जल पुनर्भरण, जल प्रदूषण में कमी, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता, व्यवहार परिवर्तन से बेहतर जल उपयोग और हरियालो राजस्थान की तैयारी के उद्देश्य से 5 से 15 जून 2025 तक आयोजित होने वाले वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान का आगाज श्रीगंगानगर में गुरुवार को जिला मुख्यालय पर साइकिल रैली से हुआ।
विश्व पर्यावरण दिवस और गंगा दशमी के उपलक्ष में आयोजित रामलीला मैदान से आरंभ होकर रैली महाराजा गंगा सिंह चौक पहुंची। इस दौरान स्वायत शासन विभाग के प्रमुख शासन सचिव और जिला प्रभारी सचिव श्री राजेश यादव भी साइकिल चला रैली में शामिल हुए।
इससे पूर्व रामलीला मैदान से साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने रवाना किया। इस दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थी, स्काउट गाइड सहित आमजन की भागीदारी रही। रामलीला मैदान से रवाना होकर रैली शहर के मुख्य-मुख्य मार्गो से होते हुए महाराजा गंगा सिंह चौक पहुंची।
यहां जिला प्रभारी सचिव ने उपस्थितजनों को साइकिल चलाने का महत्व बताते हुए कहा कि इससे जहां एक ओर स्वास्थ्य बेहतर रहता है, वहीं पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दिया जा सकता है। इस दौरान सभी प्रतिभागियों को अल्पाहार दिया गया।
जिला खेल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र बिश्नोई ने बताया कि साइकिल रैली में हर्षल प्रथम, तनुष द्वितीय और भविष्य तृतीय स्थान पर रहे। रैली में एडीएम प्रशासन श्री सुभाष कुमार, जिला परिषद के सीईओ श्री गिरधर, प्रशिक्षु आईएएस अदिति यादव, नगर विकास में सचिव श्री अशोक असीजा, एसीएम श्रीमती स्वाति गुप्ता, श्रीमती सुमित्रा बिश्नोई, श्री गिरजेशकांत शर्मा, श्री भूपेंद्र सिंह शेखावत, डॉ. दीपक मोंगा, श्री वीरेन्द्र पाल सिंह, श्री नरेश लालगढिया, श्री रविन्द्र यादव, श्री मंगत सेतिया, मीनू रानी सहित अन्य मौजूद रहे।