Sri Ganganagar: जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने आमजन से किया जल बचत का आह्वान

Update: 2025-04-14 13:41 GMT
Sri Ganganagar श्रीगंगानगर । नहरबंदी एवं ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, वृत श्रीगंगानगर ने आमजन से जल बचत का आहवान किया है। विभाग ने आमजन से आहवान किया है कि नहरबंदी की स्थिति को ध्यान में रखते हुए जल का विवेकपूर्ण उपयोग करें और घर-घर समुचित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने में विभाग का सहयोग करें।
विभाग की ओर से जारी अपील में बताया गया है कि जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है, वैसे-वैसे जल की मांग में भी तेजी से बढोतरी हो रही है। ऐसे समय में जब नहरबंदी के कारण जल बचत की आवश्यकता और अधिक बढ़ जाती है। पेयजल का सदुपयोग न केवल आज की जरूरत है, बल्कि आने वाले दिनों के लिए भी सुरक्षा कवच है।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अनुसार नहरबंदी के कारण जलापूर्ति में व्यवधान ना हो, इसके लिए विभाग ने अपने स्तर पर जल भंडारण की पूर्व तैयारी कर ली है। वाटर वर्क्स की डिग्गियों में पर्याप्त जल का संग्रहण किया गया है ताकि आमजन को आवश्यकतानुसार शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। जल बचत के लिए कुछ इस सावधानी भी अपनाई जा सकती हैं।
फ्लश की बजाय बाल्टी बचाएगी 5 हजार लीटर : फ्लश खराब है तो यह हर महीने पांच हजार लीटर तक पानी बर्बाद करती है। टॉयलेट टैंक की लीकेज के चलते यह होता है। फ्लश की बजाय बाल्टी का इस्तेमाल कर 4 से 5 हजार लीटर महीने में बचाए जा सकते हैं।
वॉशिंग मशीन भी बचाती है पानी : वॉशिंग मशीन में कपड़ों की धुलाई के लिए आपकी थोड़ी सी सावधानी 4 से 5 हजार लीटर तक पानी को बचा सकती है। कपड़े दो हों या 10 मशीन की धुलाई में पानी उतना ही खर्च होगा। 8-10 कपड़ों को एक साथ धोकर पानी बचाया जा सकता है।
शावर नहीं, बाल्टी से नहाइए : नहाने के लिए शावर की बजाय बाल्टी का इस्तेमाल पानी बचाता है। बाल्टी का उपयोग कर पानी की खपत को 60 से 80 फीसदी तक कम किया जा सकता है। एक से दो बाल्टी पानी में नहाकर अधिक पानी बचाया जा सकता है।
बर्तन धोने का तरीका बदलें, 20 लीटर होगी बचत : नल के नीचे बर्तन धुलने की आदत को छोड़ दें तो काफी पानी बचाया जा सकता है। बर्तनो को धुलने में बाल्टी या टब का इस्तेमाल कर रोजाना 20 से 25 लीटर तक पानी बचाया जा सकता है।
Tags:    

Similar News