राजसंमन्द। खदानों का प्रदूषण अब शहर को अपनी जद में लेने लगा है। मार्बल स्लरी की आसपास में अवैध डम्पिंग तो हो ही रही है, इसे रोकने के लिए जिम्मेदार सरकारी मुलाजिमों की सुस्ती का फायदा उठा लोग आंखों में धूल भी झोंक रहे हैं। पिछले दिनों नगर परिषद की बैठक में खुद विधायक दीप्ति माहेश्वरी के उठाने के बावजूद मार्बल स्लरी को हटाना तो दूर, अवैध डम्पिंग की लीपापोती करने के लिए ट्रॉलियां भरकर स्लरी के भराव को मिट्टी डालकर छुपाने की कोशिश कर रहे हैं।
ऐसा ही एक मामला जेके सर्कल के पास सामने आया। कुछ दिन पूर्व तालेड़ी नदी के बहाव क्षेत्र के पास बड़े पैमाने पर स्लरी का भराव किया गया। जब अवैध डम्पिंग का मामला उजागर हुआ तो इसे ढांपने के लिए पहले ट्रॉलियां भरकर मिट्टी डाली गई और फिर एक्सक्वेटर से उसे फैलाकर छुपाने की कोशिश की गई। यहां डाली गई स्लरी ने कई पेड़ों को अपनी जद में ले लिया है। नीम और कई प्रजातियों के पेड़ों का गला स्लरी से घोंटा जा रहा है।