Weather Update : देश की राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में भीषण गर्मी से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। शनिवार को भी राजधानी दिल्ली में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जिससे गर्मी का कहर और बढ़ गया है। वहीं, मौसम विभाग अनुसार, देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज अलग-अलग रहेगा कहीं तेज धूप तो कहीं तेज बारिश की संभावना जताई गई है। आइए विस्तार से जानते है मौसम का हाल
दिल्ली-एनसीआर में लू का प्रकोप जारी
दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और गाजियाबाद जैसे एनसीआर क्षेत्रों में हीटवेव का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए ‘हीटवेव अलर्ट’ जारी किया है। सुबह से ही गर्म हवाएं चल रही हैं और दोपहर होते-होते तापमान 45 डिग्री को पार करने की संभावना है।
इन राज्यों में हो सकती है बारिश
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में मानसून से पहले की बारिश का दौर जारी है। असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, नगालैंड, मणिपुर और मिजोरम जैसे राज्यों में आज भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा छत्तीसगढ़, ओडिशा और झारखंड के कुछ हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
आंशिक बादल और उमस भरा मौसम रहने का अनुमान
दक्षिण भारत में केरल और कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के भीतरी हिस्सों में गर्मी बनी रहेगी। चेन्नई में आंशिक बादल और उमस भरा मौसम रहने का अनुमान है।
पश्चिम भारत में गर्मी का दबदबा
राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप और गर्म हवाओं का असर बना हुआ है। राजस्थान के कुछ इलाकों में तापमान 46 डिग्री के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में लू की चेतावनी जारी की है।
हीटवेव और गर्मी को लेकर अलर्ट
ओडिशा के कुछ हिस्सों में आज और कल हीटवेव का अनुमान है। पश्चिमी राजस्थान में 9 जून के बीच हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है, जिससे गर्मी का प्रकोप बढ़ सकता है। देश में मौसम में बदलाव के चलते कुछ स्थानों पर भारी बारिश और आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है, वहीं कुछ हिस्सों में गर्मी और हीटवेव के कारण तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। लोगों को मौसम के इन बदलावों के अनुसार अपनी तैयारियों को सही तरह से अपडेट करना होगा।
कब मिलेगी गर्मी से राहत?
IMD के मुताबिक, अगले 3 से 4 दिनों में उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में आंधी और हल्की बारिश की संभावना है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। वहीं, मानसून के केरल में दस्तक देने के बाद इसके धीरे-धीरे उत्तर की ओर बढ़ने की उम्मीद है।
वहीं स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने इस भीषण गर्मी में बाहर निकलने पर सावधानी बरतने की सलाह दी है। धूप में निकलने से पहले पानी पिएं, सिर को ढकें और हल्के कपड़े पहनें। अत्यधिक गर्मी से बचने के लिए दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक बाहर जाने से बचें।