Sawai Madhopur : राइजिंग राजस्थान एमओयू प्रकरणों की समीक्षा बैठक सम्पन्न

Update: 2025-07-24 13:07 GMT
Sawai Madhopur सवाई माधोपुर: राइजिंग राजस्थान के अंतर्गत सवाई माधोपुर जिले में संपादित निवेश प्रस्तावों (एमओयू) एवं रिप्स निति की प्रगति की समीक्षा हेतु बैठक गुरूवार को जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।
बैठक में जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि एमओयू की क्रियान्विति में तेजी लाने हेतु सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। इस अवसर पर प्रतिभागियों को उद्योग स्थापना से जुड़ी प्रक्रियाओं, आवश्यक दस्तावेजों, उद्योग पंजीकरण, एनओसी व प्रमाण पत्रों से संबंधित प्रक्रियाओं अवरोधों के निस्तारण हेतु निर्धारित प्रपत्र में आवेदन संबंधित विभागाध्यक्षों एवं जिला कलक्टर कार्यालय को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि आवंटन, कनवर्जन, विद्युत आपूर्ति, एनओसी इत्यादि से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता से समाधान करते हुए निवेशकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की मंशा है कि सभी निवेश प्रस्ताव धरातल पर मूर्त रूप लें। ऐसे प्रस्ताव जिनकी संभावनाएं न्यूनतम हैं, उन्हें स्टेट नोडल के समन्वय से निरस्त करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जाए।
बैठक में महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र सुग्रीव मीना ने एमओयू की विभागवार स्थिति की जानकारी दी एवं क्षेत्रीय निवेश को गति देने की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना रिप्स के अन्तर्गत 21 स्टाम्प ड्यूटी, भूमि रूपांतरण का अनुमोदन किया गया एवं मैसर्स केशव फ्रेश लिमिटेड वजीरपुर, श्रीजी नमकीन उद्योग, याशिका इंडस्ट्रीज से संबंधित निवेश अनुदान, इलेक्ट्रीसिटी बिल छूट, मण्डी शुल्क माफ, रोजगार सृजन अनुदान, ब्याज अनुदान हेतु पात्रता प्रमाण पत्र जारी किए गए।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुड़ानिया, रिको के क्षेत्रीय प्रबंधक जी.एस. मीना, उप निदेशक पर्यटन मधुसूदन सिंह, उप निदेशक उद्यान डॉ. हेमराज मीना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं निवेशक उपस्थित रहे।
Tags:    

Similar News