Sawai Madhopur: जमीनी निरीक्षण के बाद पुलिया कार्य में आएगी तेजी: वन मंत्री
Sawai Madhopur सवाई माधोपुर: खंडार विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और आधारभूत संरचना को मजबूती देने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा तथा खंडार विधायक जितेंद्र गोठवाल ने एनएच-552 पर स्थित बोदल से पूर्व ओघाड नाले की पुलिया का निरीक्षण किया।
यह पुलिया, जो ओघाड पुलिया के नाम से विख्यात है, एक तीव्र मोड़ पर स्थित है और यहाँ अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। सुरक्षा के दृष्टिकोण से अत्यंत संवेदनशील इस मोड़ पर आमजन में लंबे समय से भय और असुविधा का वातावरण बना हुआ है।
खण्डार विधायक गोठवाल ने बताया कि इस पुलिया हेतु भारत सरकार, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा दिनांक 31 मार्च 2021 को 572.26 लाख की स्वीकृति जारी की गई थी। किन्तु यह क्षेत्र वन्यजीव सीमा में आने के कारण अब तक वाइल्डलाइफ से सैद्धांतिक स्वीकृति प्राप्त नहीं हो पाने के कारण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका था।
खण्डार विधायक गोठवाल ने माननीय वन मंत्री को स्थलीय स्थिति से अवगत कराते हुए, इस अति आवश्यक पुलिया के शीघ्र निर्माण हेतु वन विभाग एवं वाइल्डलाइफ से अनुमतियाँ प्राप्त कराने की मांग रखी। इस पर मंत्री शर्मा ने मौके पर ही उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए एवं जनता को आश्वस्त किया कि सैद्धांतिक स्वीकृति शीघ्र दिलवाकर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।
इस मौके पर उपस्थित क्षेत्रवासियों ने पुलिया निर्माण की दिशा में हुई इस सकारात्मक पहल के लिए खंडार विधायक जितेंद्र गोठवाल एवं वन मंत्री संजय शर्मा का आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर, पीसीसीएफ शिखा मेहरा, एपीसीसीएफ डॉ. राजेश गुप्ता, सीसीएफ अनूप के.आर सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।