जयपुर: त्योहारी सीजन में अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे जयपुर और गया के बीच एक-एक ट्रिप अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा का संचालन करेगा। इससे राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के यात्रियों को आवागमन के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 09723 जयपुर-गया स्पेशल रेलसेवा नौ नवंबर को जयपुर से दोपहर 1:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10:30 बजे गया पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09724 गया-जयपुर स्पेशल रेलसेवा 10 नवंबर को गया से दोपहर 1:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10:50 बजे जयपुर पहुंचेगी।

रेलसेवा का ठहराव गांधीनगर जयपुर, खातीपुरा, दौसा, बांदीकुई, भरतपुर, ईदगाह, टूंडला, इटावा, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज, मिर्जापुर और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर होगा।

इस स्पेशल रेलसेवा में 13 अनारक्षित डिब्बों के अलावा दो गार्ड डिब्बों सहित कुल 15 डिब्बे होंगे। रेलवे ने त्योहारी सीजन में अतिरिक्त यात्री भार के सुचारू आवागमन और यात्रियों की सुविधा के लिए यह व्यवस्था की है।

Tags: