पुण्यानंद गिरि ने वैदिक कर्मकांडी ब्राह्मणों पर की अभद्र टिप्पणी, विरोध शुरू
बीकानेर। बीकानेर कोलकाता में चातुर्मास कर रहे महामंडलेश्वर पुण्यानंद गिरि महाराज ने पिछले दिनों अपने प्रवचन के दौरान वैदिक कर्मकांडी ब्राह्मणों पर अभद्र टिप्पणी की थी. उनका ये वीडियो देशभर में वायरल हो रहा है. बीकानेर में पुण्यानंद महाराज का आश्रम भी है और इससे हजारों लोग जुड़े हुए हैं. इस वीडियो के आने के बाद बीकानेर में उनका विरोध शुरू हो गया है. उन्होंने इस मामले में पुण्यानंद महाराज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और बहस करने को कहा है। शास्त्री पंडित गायत्री प्रसाद शर्मा ने कहा कि पुण्यानंद महाराज ने वैदिक कर्मकांडी ब्राह्मणों की तुलना पशुओं से करके अपनी सूक्ष्म सोच का परिचय दिया है। कथा व्यास पंडित मुरली मनोहर व्यास ने कहा कि वेदों में ब्राह्मण को भगवान का मुख बताया गया है।
वेद वाक्य ही यजमान के मुख से निकलने पर उसके लिए फलदायी होते हैं। ऐसे में ये बात पुण्यानंद महाराज को शोभा नहीं देती. यज्ञाचार्य पं. राजेंद्र किराडू ने कहा कि वैदिक ब्राह्मणों का अपमान भारतीय संस्कृति का अपमान है. इसे सहन नहीं किया जाएगा। पंचांगकर्ता पंडित अशोक ओझा ने कहा कि महाराज जो कथा सुना रहे थे, उसमें कहीं भी पंडितों के बारे में गलत लिखा हो तो हमें बताएं. हम उन्हें बहस के लिए बुला रहे हैं. पंडित जीवन दत्त उपाध्याय, पंडित राकेश ओझा, कैलाश शास्त्री, पंडित अशोक सिंथल, शिवशंकर ओझा, शास्त्री पंडित यज्ञ प्रसाद शर्मा, वेद प्रकाश शर्मा आदि ने बयान की निंदा की है। उन्होंने सार्वजनिक माफी नहीं मांगने पर महाराज के खिलाफ जातीय वैमनस्यता फैलाने का मामला दर्ज करने की चेतावनी दी है। सनातन धर्म साधना पीठ, बीकानेर के पंडित भाईश्री ने माफी नहीं मांगने पर ब्राह्मण समाज से उनके प्रवचन कार्यक्रमों का बहिष्कार करने का आह्वान किया है।